home page

सावन के पहले सोमवार पर आनंदेश्वर मंदिर में व्यापक तैयारियां, तीन लाख से अधिक श्रद्धालुओं के पहुंचने की संभावना

 | 
सावन के पहले सोमवार पर आनंदेश्वर मंदिर में व्यापक तैयारियां, तीन लाख से अधिक श्रद्धालुओं के पहुंचने की संभावना


कानपुर, 02 अगस्त (हि.स.)। सावन के पहले सोमवार को लेकर परमट स्थित श्री आनंदेश्वर मंदिर में सभी तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। मंदिर प्रशासन, जिला प्रशासन और पुलिस ने श्रद्धालुओं की सुरक्षा, सुगम दर्शन और यातायात व्यवस्था को लेकर विशेष इंतजाम किए हैं। रविवार रात दो बजे से मंदिर के कपाट श्रद्धालुओं के लिए खोल दिए जाएंगे। प्रशासन का अनुमान है कि पहले सोमवार को तीन लाख से अधिक श्रद्धालु भगवान शिव के दर्शन के लिए पहुंच सकते हैं।

मंदिर प्रशासन ने बताया कि इस बार मंदिर परिसर में सेवा देने वाले सभी स्वयंसेवकों, इलेक्ट्रिशियन और अन्य कर्मचारियों के लिए फोटोयुक्त पास अनिवार्य किए गए हैं। पास पर संबंधित व्यक्ति का फोटो, जूना अखाड़ा और पुलिस की मुहर होना आवश्यक होगा। बिना वैध पास के किसी को भी मंदिर परिसर में प्रवेश नहीं मिलेगा।

श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए बुजुर्गों, दिव्यांगजनों और नवजात शिशुओं के साथ आने वाली महिलाओं के लिए व्हीलचेयर की व्यवस्था की गई है। साथ ही मंदिर के मुख्य प्रवेश द्वार पर सेवा शिविर भी लगाया जाएगा, जहां पेयजल, प्राथमिक उपचार और अन्य आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध रहेंगी।

आनंदेश्वर व्यापारिक सेवा समिति के अध्यक्ष सतेंद्र बाजपेयी ने बताया कि भीड़ प्रबंधन के लिए 50 महिला सेवादारों की तैनाती की गई है। महिला सेवादार महिलाओं की कतार को व्यवस्थित रखेंगी और जरूरत पड़ने पर चिकित्सा सहायता उपलब्ध कराने में भी सहयोग करेंगी।

सुरक्षा व्यवस्था को और मजबूत बनाने के लिए मंदिर परिसर और आसपास के क्षेत्र में जगह-जगह सीसीटीवी कैमरे लगाए गए हैं। इन कैमरों की निगरानी के लिए परमट चौकी में विशेष कंट्रोल रूम बनाया गया है, जहां से पुलिस प्रशासन लगातार मॉनिटरिंग करेगा। मंदिर के प्रवेश और निकास द्वारों पर भी अतिरिक्त पुलिस बल तैनात रहेगा। महंत हितेश गिरी महाराज ने श्रद्धालुओं से प्रशासन द्वारा निर्धारित व्यवस्था का पालन करने और धैर्यपूर्वक दर्शन करने की अपील की है।

दर्शन का समय

रविवार शाम सात बजे संध्या आरती के बाद मंदिर के कपाट बंद होंगे।

सोमवार तड़के 02 बजे मंगला आरती के बाद कपाट श्रद्धालुओं के लिए खोल दिए जाएंगे।

दोपहर 12:30 बजे भोग और आरती के लिए कपाट बंद रहेंगे। दोपहर दोबजे से पुनः दर्शन शुरू होंगे।शाम 7:30 बजे भोग, सफाई और आरती के लिए मंदिर बंद रहेगा।रात नौ बजे से दर्शन दोबारा शुरू होंगे।रात 11:30 बजे शयन आरती के बाद मंदिर के कपाट बंद कर दिए जाएंगे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / रोहित कश्यप