कान्हा के जन्म से एक दिन पूर्व हुई एक घंटे की बारिश ने खोल दी निगम की पोल, बांकेबिहारी मार्ग जलमग्न, व्यवस्थाएं हुई प्रभावित
मथुरा, 02 सितम्बर(हि.स.)। कान्हा के जन्म के एक दिन पूर्व बुधवार को मथुरा और वृंदावन में हुई एक घंटे की तेज बारिश ने नगर निगम और प्रशासन की जलनिकासी व्यवस्था की पोल खोलकर रख दी। बारिश के बाद श्री बांके बिहारी मंदिर के मुख्य मार्ग समेत शहर के कई प्रमुख चौराहों और बाजारों में भारी जलभराव हो गया।
बरसात के बाद श्री बांके बिहारी मंदिर दर्शन के लिए पहुंचने वाले श्रद्धालुओं को घुटनों तक भरे गंदे पानी से होकर गुजरना पड़ा। सबसे खराब स्थिति मथुरा दरवाजा क्षेत्र में देखने को मिली, जहां पुलिस चौकी के सामने सड़क पर पानी भर जाने से मार्ग घंटों बाधित रहा।इसके अलावा शहर के दाऊजी तिराहा, सीएफसी चौराहा ,गोपीनाथ बाजार, केसी घाट तिराहा, रंगजी बाजार, विद्यापीठ चौराहा, गांधी मार्ग, हरि निकुंज चौराहा सहित प्रमुख स्थल और चौराहे जलमग्न हो गए। सड़कों पर पानी भरने से वाहनों की रफ्तार थम गई और कई स्थानों पर लंबा जाम लग गया।
श्रीकृष्ण जन्माष्टमी पर्व को लेकर नगर निगम और प्रशासन द्वारा श्रद्धालुओं के सुगम आवागमन, सफाई और सजावट के विशेष इंतजाम किए गए थे। हालांकि, अचानक हुई बारिश से शहर की व्यवस्थाएं प्रभावित हुईं और कई जगह बैरिकेडिंग के पास पानी भर गया। बुधवार शाम तक नगर निगम की टीम स्थिति को दुरुस्त करने के कार्य में जुटी दिखाई दी। जलभराव की स्थिति पर प्रतिक्रिया देते हुए नगर निगम के जलकल महाप्रबंधक अनवर ख्वाजा ने बताया कि स्थिति पर काबू पाने के लिए त्वरित कदम उठाए गए हैं। शहर के 5 अति संवेदनशील और जलभराव वाले स्थानों पर पंप सेट लगाए गए हैं, जिनके जरिए सड़कों से पानी तेजी से बाहर निकाला जा रहा है।
हिन्दुस्थान समाचार / महेश कुमार

