home page

देवरिया : कस्तूरबा विद्यालय में एफएसडब्ल्यू वैन पहुंची, 14 खाद्य नमूने जांच में मानकों पर उतरे खरे

 | 
देवरिया : कस्तूरबा विद्यालय में एफएसडब्ल्यू वैन पहुंची, 14 खाद्य नमूने जांच में मानकों पर उतरे खरे


देवरिया, 16 जुलाई (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के देवरिया जनपद के जिलाधिकारी मधुसूदन हुल्गी के निर्देश पर खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन विभाग ने गुरुवार को खाद्य सुरक्षा जागरूकता अभियान के तहत सदर तहसील के खोराराम स्थित कस्तूरबा गांधी आवासीय बालिका विद्यालय में खाद्य सचल प्रयोगशाला (एफएसडब्ल्यू) के माध्यम से खाद्य पदार्थों की जांच की। इस दौरान छात्राओं को सुरक्षित भोजन और खाद्य मिलावट की पहचान के बारे में भी जानकारी दी गई।

सहायक आयुक्त (खाद्य)-II हितेन्द्र मोहन त्रिपाठी के निर्देशन में खाद्य सुरक्षा अधिकारी राजू पाल और लैब टेक्नीशियन करन कुमार चौरसिया ने विद्यालय में छात्राओं एवं अध्यापिकाओं की मौजूदगी में कुल 14 खाद्य नमूनों की मौके पर जांच की। जांच में सभी नमूने निर्धारित गुणवत्ता मानकों के अनुरूप पाए गए, जिससे विद्यालय में उपलब्ध कराए जा रहे खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता की पुष्टि हुई।

इस दौरान अधिकारियों ने छात्राओं को खाद्य पदार्थों में मिलावट की पहचान करने के आसान तरीके बताए। साथ ही सुरक्षित एवं गुणवत्तापूर्ण खाद्य सामग्री खरीदने, खाद्य पदार्थों के सही भंडारण तथा स्वच्छता बनाए रखने के महत्व पर विस्तार से जानकारी दी। छात्राओं से संतुलित एवं सुरक्षित भोजन अपनाने की अपील भी की गई।

खाद्य सुरक्षा विभाग की इस पहल की विद्यालय की छात्राओं और अध्यापिकाओं ने सराहना करते हुए इसे स्वास्थ्य के प्रति जागरूकता बढ़ाने वाला महत्वपूर्ण कदम बताया। इसके अलावा विद्यालय में छात्राओं को परोसे जा रहे तैयार दाल और चावल के निगरानी नमूने भी संग्रहित किए गए हैं। इन नमूनों को विस्तृत परीक्षण के लिए प्रयोगशाला भेजा गया है, जिसकी रिपोर्ट आने के बाद आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।

खाद्य सुरक्षा अधिकारी राजू पाल ने बताया कि ऐसे जागरूकता एवं जांच अभियान आगे भी विभिन्न शिक्षण संस्थानों में चलाए जाते रहेंगे, ताकि खाद्य सुरक्षा के प्रति लोगों में जागरूकता बढ़े और सभी को सुरक्षित एवं गुणवत्तापूर्ण भोजन उपलब्ध हो सके।

------------

हिन्दुस्थान समाचार / ज्योति पाठक