home page

गांवों में बने अमृत सरोवरों पर तिरंगा लहराकर मनाया जायेगा स्वतंत्रता दिवस

 | 
गांवों में बने अमृत सरोवरों पर तिरंगा लहराकर मनाया जायेगा स्वतंत्रता दिवस


लखनऊ, 09 अगस्त (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने स्वतंत्रता दिवस को समारोह पूर्वक पूरे उत्साह, उल्लास व उमंग के वातावरण मे भव्य तरीके से मनाने के लिये ग्राम्य विकास विभाग के अधिकारियों को निर्देश दिये हैं। उप मुख्यमंत्री के निर्देश के क्रम में, ग्राम्य विकास की ओर से समस्त जनपदों को आवश्यक दिशा निर्देश निर्गत कर दिये गये हैं। स्वतंत्रता दिवस के उत्सव में सभी की भागीदारी सुनिश्चित हो सके इस हेतु विभाग की ओर से संबंधित अधिकारियों/कर्मचारियों को ससमय तैयारी करने और कार्यक्रम आयोजित कराने के निर्देश जारी कर दिये गये हैं।

उप मुख्यमंत्री ने ग्राम्य विकास विभाग के अधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि प्रदेश में आयोजित हर घर तिरंगा अभियान के अन्तर्गत प्रत्येक वर्ष की भांति इस वर्ष भी स्वतंत्रता दिवस के उपलक्ष्य में प्रत्येक अमृत सरोवरों पर ध्वजारोहण का कार्यक्रम किया जाएगा। ध्वजारोहण के कार्यक्रम से पूर्व ग्राम पंचायत के माध्यम अमृत सरोवरों की विधिवत अभियान चलिकर साफ़ सफाई करायी जाय और राष्ट्रप्रेम की भावना से परिपूर्ण अन्य राष्ट्रोत्प्रेरक कार्यक्रम आयोजित किए जायें। प्रदेश की ग्राम पंचायतों में निर्मित और विकसित किये गये सभी अमृत सरोवर स्थलों और तालाबों पर ध्वजारोहण कार्यक्रम कराने के निर्देश दिये गये हैं। इस सम्बन्ध में आयुक्त ग्राम्य विकास विभाग द्वारा ग्राम्य विकास विभाग के जिलों के अधिकारियों को व्यापक दिशा निर्देश दिए गए हैं।

हिन्दुस्थान समाचार / बृजनंदन