home page

अमृत भारत स्टेशन योजना से शाहजहाँपुर रेलवे स्टेशन का पुनर्विकास कार्य तेजी से जारी

 | 
अमृत भारत स्टेशन योजना से शाहजहाँपुर रेलवे स्टेशन का पुनर्विकास कार्य तेजी से जारी


मुरादाबाद, 05 अगस्त (हि.स.)। उत्तर रेलवे के मुरादाबाद मंडल के अंतर्गत आने वाले शाहजहाँपुर रेलवे स्टेशन का अमृत भारत स्टेशन योजना के तहत पुनर्विकास कार्य तेजी से चल रहा है। इस संबंध में सांसद अरुण कुमार सागर की ओर से प्रस्तुत प्रतिनिधित्व के संदर्भ में परियोजना की वर्तमान प्रगति की जानकारी साझा की गई है।

उत्तर रेलवे के मुरादाबाद रेल मंडल के वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक महेश यादव ने बुधवार को बताया कि शाहजहाँपुर रेलवे स्टेशन एनएसजी-3 श्रेणी का स्टेशन है, जहाँ प्रतिदिन लगभग 13,369 यात्री आवागमन करते हैं। इस स्टेशन के पुनर्विकास के लिए 31.82 करोड़ रुपये स्वीकृत किए गए हैं। वर्तमान में परियोजना का लगभग 78 प्रतिशत कार्य पूरा हो चुका है तथा इसे जुलाई 2027 तक पूरा करने का लक्ष्य रखा गया है। रेलवे द्वारा शेष कार्यों को निर्धारित समय से पहले पूरा करने के लिए लगातार प्रयास किए जा रहे हैं।

उन्होंने बताया कि अब तक स्टेशन के मुख्य प्रवेश द्वार का नवीनीकरण, प्लेटफॉर्म संख्या एक, दो एवं तीन का उच्चीकरण और फर्श का सुधार, नया आरपीएफ एवं आरएमएस कार्यालय भवन, आरपीएफ कार्यालय का नवीनीकरण, प्लेटफॉर्म संख्या 1 पर नया पार्सल कार्यालय एवं शौचालय, पार्सल कार्यालय तक सड़क संपर्क, पुराने आरएमएस/जीआरपी कार्यालय एवं कुली कक्ष को हटाने का कार्य तथा दूसरे प्रवेश द्वार पर पार्किंग क्षेत्र का विकास पूरा किया जा चुका है।

प्लेटफॉर्म संख्या चार, पांच एवं छह का उच्चीकरण और सुधार कार्य जारी है। नए 7.26 मीटर चौड़े फुट ओवर ब्रिज पर गर्डर लगाने, डेक स्लैब बनाने और छत का ढांचा तैयार करने का कार्य पूरा हो चुका है तथा सीढ़ियों का कार्य प्रगति पर है। चार लिफ्ट लगाने के लिए नींव का कार्य पूरा हो गया है और ऊपर का निर्माण कार्य चल रहा है। वहीं चार एस्केलेटर लगाने के लिए खुदाई का कार्य जारी है।

स्टेशन के पहले और तीसरे प्रवेश द्वार पर पार्किंग एवं आने-जाने के क्षेत्र का विकास किया जा रहा है। यहाँ जल निकासी का कार्य पूरा हो चुका है तथा सड़क और अन्य निर्माण कार्य चल रहे हैं। दूसरे प्रवेश द्वार पर भी आने-जाने के क्षेत्र का विकास जारी है। यहाँ जल निकासी, बाउंड्री वॉल तथा पोर्टिको के नीचे पीसीसी का कार्य पूरा हो चुका है।

वहीं दूसरे प्रवेश द्वार पर बन रहे नए स्टेशन भवन का मुख्य निर्माण कार्य पूरा हो गया है तथा अंतिम फिनिशिंग का कार्य तेजी से किया जा रहा है।

अमृत भारत स्टेशन योजना के अंतर्गत शाहजहाँपुर रेलवे स्टेशन के पुनर्विकास के बाद यात्रियों को आधुनिक, सुरक्षित, स्वच्छ, दिव्यांगजन-अनुकूल तथा बेहतर यात्री सुविधाएँ उपलब्ध होंगी। उत्तर रेलवे यात्रियों को सुरक्षित, सुविधाजनक और बेहतर रेल सेवाएँ उपलब्ध कराने के लिए निरंतर कार्य कर रहा है।

----------

हिन्दुस्थान समाचार / निमित कुमार जायसवाल