home page

ससुराल पहुंचे युवक ने नहर में लगाई छलांग, एसडीआरएफ और गोताखोरों ने बरामद किया शव

 | 

अमेठी, 19 अगस्त (हि.स.)। उत्तर प्रदेश में अमेठी जनपद के मोहनगंज थाना क्षेत्र में नागपंचमी पर्व पर अहमदाबाद से अपनी ससुराल पहुंचे एक ने गोमिया नहर में छलांग लगा दी। एसडीआरएफ और स्थानीय गोताखोरों की कड़ी मशक्कत के बाद बुधवार को युवक का शव बरामद कर लिया।

शिवरतनगंज थाना क्षेत्र के बसंतपुर गांव निवासी सीताराम (35) अहमदाबाद से नागपंचमी के अवसर पर मोहनगंज थाना क्षेत्र के खानापुर चपरा गांव स्थित पूरे तिवारी में अपनी ससुराल आया था। ग्रामीणों के मुताबिक, मंगलवार को ससुराल में किसी मामूली बात को लेकर नाराजगी हुई। इसके बाद युवक अचानक घर से निकला और दौड़ते हुए ससुराल के किनारे से बह रहे गोमिया नहर में छलांग लगा दी। घटना की सूचना मिलते ही परिवार और ग्रामीणों में हड़कंप मच गया।

सूचना पर पुलिस और प्रशासनिक अधिकारी मौके पर पहुंचे और तलाश शुरू कराई गई। ड्रेन में पानी अधिक होने के कारण शुरुआती प्रयासों में युवक का कोई सुराग नहीं लग सका। पुलिस ने एसडीआरएफ टीम के साथ स्थानीय गोताखोरों को भी मौके पर बुलाया। लगातार तलाश के बाद बुधवार को युवक का शव बरामद कर लिया गया।

मोहनगंज थाना प्रभारी राकेश कुमार सिंह ने बताया कि घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंच गई थी। ग्रामीणों के साथ तलाश शुरू कराई गई, जिसके बाद एसडीआरएफ और गोताखोरों की मदद ली गई। लगातार अभियान चलाकर युवक को बरामद कर लिया गया है । लाश को कब्जे में लेकर आवश्यक वैधानिक कार्यवाही की जा रही है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / लोकेश त्रिपाठी