home page

तालाब में डूबे युवक का शव बरामद

 | 
तालाब में डूबे युवक का शव बरामद


अमेठी, 19 अगस्त (हि.स.)। अमेठी जिले के जायस थाना क्षेत्र के पूरे हकीम वार्ड नंबर दो स्थित ईशा के तालाब में मंगलवार शाम डूबे युवक का शव बुधवार की सुबह बरामद कर लिया गया। युवक घर से शौच के लिए जा रहा था। इसी दौरान तालाब के पास अचानक पैर फिसलने से वह गहरे पानी में चला गया और डूब गया। घटना के बाद परिजनों में कोहराम मच गया।

मंगलवार शाम करीब सात बजे पूरे हकीम निवासी मुकेश कुमार घर से शौच के लिए निकले थे। इसी दौरान ईशा के तालाब के पास उनका पैर फिसल गया और वह तालाब में जा गिरे। युवक के तालाब में डूबने की जानकारी मिलते ही ग्रामीण मौके पर पहुंचे और उसकी तलाश शुरू कर दी। देर शाम तक पुलिस और ग्रामीणों ने तालाब में युवक की तलाश की, लेकिन उसका कोई पता नहीं चल सका। रात अधिक होने के कारण पुलिस और ग्रामीणों ने तलाश अभियान रोक दिया। इसके बाद बुधवार सुबह एक बार फिर ग्रामीणों और पुलिस ने तालाब में युवक की तलाश शुरू की। काफी प्रयास के बाद शव को तालाब से बाहर निकाल लिया। शव बरामद होने की सूचना मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया और बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर पहुंच गए।

जायस को थाना प्रभारी अमरेंद्र सिंह ने बताया कि मृतक की पहचान मुकेश कुमार (32) निवासी पूरे हकीम वार्ड नंबर दो, थाना जायस के रूप में हुई है। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पंचायतनामा की कार्रवाई शुरू कर दी है। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा जा रहा है। पुलिस मामले में आवश्यक वैधानिक कार्रवाई कर रही है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / लोकेश त्रिपाठी