home page

नहर में नहाने गए युवक की डूबकर मौत

 | 
नहर में नहाने गए युवक की डूबकर मौत


अमेठी, 26 जुलाई (हि.स.)। अमेठी जिले के मोहनगंज कोतवाली क्षेत्र अंतर्गत अहुरी गांव में शारदा सहायक खंड-28 नहर में नहाने गए युवक की डूबने से मौत हो गई। घटना के बाद परिवार में कोहराम मच गया। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।

जानकारी के अनुसार, अहुरी गांव निवासी शहंशाह अंसारी (18) ओदारी स्थित एक मदरसे में कक्षा 11 का छात्र था। रविवार को वह अपने कुछ साथियों के साथ सुबह करीब 11 बजे अहुरी झील के पास शारदा सहायक खंड-28 नहर में नहाने गया था। नहाते समय वह गहरे पानी में चला गया और देखते ही देखते डूब गया।

काफी देर तक जब शहंशाह पानी से बाहर नहीं आया तो उसके साथियों ने उसे तलाशने का प्रयास किया, लेकिन सफलता नहीं मिली। इसके बाद साथियों ने गांव पहुंचकर घटना की जानकारी परिजनों को दी।

सूचना मिलते ही परिवार और ग्रामीण मौके पर पहुंचे तथा खोजबीन शुरू की। करीब दो घंटे की मशक्कत के बाद उसका शव नहर से बरामद किया गया। शहंशाह के पिता शकील अंसारी का तीन वर्ष पहले निधन हो चुका है। परिवार में मां खातून बानो मेहनत-मजदूरी कर बच्चों का पालन-पोषण करती हैं। शहंशाह दो भाइयों और एक बहन में सबसे बड़ा था। उसकी असमय मौत से पूरे परिवार का रो-रोकर हाल बेहाल है।

मोहनगंज कोतवाल के राकेश सिंह ने बताया कि घटना की सूचना पर मोहनगंज पुलिस मौके पर पहुंची। प्रारंभ में परिजनों ने किसी प्रकार की कानूनी कार्रवाई से इनकार कर दिया था, लेकिन बाद में ग्रामीणों के समझाने पर वे पोस्टमार्टम कराने के लिए तैयार हो गए। इसके बाद पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पोस्टमार्टम रिपोर्ट प्राप्त होने के बाद आगे की वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / लोकेश त्रिपाठी