home page

नहर में डूबे युवक का शव दूसरे दिन बरामद

 | 
नहर में डूबे युवक का शव दूसरे दिन बरामद


नहर में डूबे युवक का शव दूसरे दिन बरामद


अमेठी, 28 जुलाई (हि.स.)। जामो थाना क्षेत्र में शारदा सहायक खंड-49 नहर में डूबे युवक का शव दूसरे दिन बरामद हुआ।सूचना पाकर माैके पर पहुंची पुलिस ने शव काे पाेस्टमार्टम के लिए भेज दिया।

थाना प्रभारी विनोद सिंह ने मंगलवार को बताया कि उमरडीह निवासी राकेश कुमार सिंह (35) सोमवार को दोपहर करीब 2:30 बजे केशवपुर पुलिया के पास पहुंचे थे। पुलिया के किनारे उनकी साइकिल, चप्पल, कपड़े और मोबाइल फोन पड़े मिले, जबकि वह स्वयं लापता हो गए। परिस्थितियों के आधार पर लोगों ने उनके नहर में कूदने की आशंका जताई, हालांकि किसी प्रत्यक्षदर्शी ने उन्हें नहर में कूदते नहीं देखा था।

सूचना मिलते ही जामो थाना पुलिस मौके पर पहुंची और स्थानीय गोताखोरों के साथ तलाश अभियान शुरू कराया। नहर का पानी कम कराने के लिए संबंधित विभाग से अनुरोध किया गया। फायर सर्विस की टीम ने भी कांटे डालकर तलाश की, लेकिन सफलता नहीं मिली। बाद में बाहर से गोताखोर बुलाए गए। करीब 24 घंटे की लगातार तलाश और कड़ी मशक्कत के बाद पुलिस एवं गोताखोरों ने डूबने वाले स्थान से लगभग 60 मीटर दूर नहर से युवक का शव बरामद कर लिया। शव बाहर निकलते ही घटनास्थल पर लोगों की भीड़ उमड़ पड़ी।

थाना प्रभारी ने मंगलवार को बताया कि शव को कब्जे में लेकर पंचायतनामा की कार्रवाई पूरी की जा रही है। शव काे पोस्टमार्टम के लिए भेजकर पुलिस मामले की जांच में जुट गई।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / लोकेश त्रिपाठी