home page

विद्युत करंट की चपेट में आया दुकानदार, मौत

 | 
विद्युत करंट की चपेट में आया दुकानदार, मौत


अमेठी, 20 अगस्त (हि.स.)। अमेठी जिले के भाले सुल्तान थाना क्षेत्र के वारिसगंज कस्बे में गुरुवार रात मोमोज की दुकान लगाने के दौरान विद्युत पोल में उतरे करंट की चपेट में आने से दुकानदार मनीष (25) कुमार की मौत हो गई। हादसे की जानकारी मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया। पत्नी और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।

वारिसगंज टांडा निवासी मनीष कुमार गुरुवार रात करीब आठ बजे कस्बे में अपनी मोमोज की दुकान लगाने पहुंचे थे। बताया गया कि दुकान लगाने के दौरान वह अचानक पास के विद्युत पोल में उतरे करंट की चपेट में आ गए। करंट लगने से मनीष गंभीर रूप से झुलस गए। आसपास मौजूद लोगों ने उन्हें तत्काल उपचार के लिए जगदीशपुर ट्रामा सेंटर पहुंचाया, जहां चिकित्सकों ने जांच के बाद मनीष को मृत घोषित कर दिया। हादसे की खबर मिलते ही मनीष के घर में मातम छा गया। पति की मौत की सूचना मिलते ही पत्नी निर्मला देवी बेसुध हो गईं। मनीष का एक वर्षीय पुत्र अवनीश अभी इतना छोटा है कि उसे पिता के हमेशा के लिए चले जाने का अहसास तक नहीं है। मां शिवलली, भाई प्रियांशु और बहन अर्चना का भी रो-रोकर बुरा हाल है। परिजनों के मुताबिक मनीष परिवार के लिए मेहनत कर रहे थे और मोमोज की दुकान लगाकर परिवार का भरण-पोषण करते थे। अचानक हुई उनकी मौत से परिवार के सामने आर्थिक संकट भी खड़ा हो गया है। घटना के बाद स्थानीय लोगों में भी शोक का माहौल है।

जगदीशपुर कोतवाली के प्रभारी निरीक्षक धीरेंद्र कुमार यादव ने बताया कि अस्पताल से प्राप्त मेमो के आधार पर पुलिस मौके पर पहुंची। शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। पुलिस घटना की जांच कर रही है।

हिन्दुस्थान समाचार / लोकेश त्रिपाठी