home page

सेवा संकल्प अभियान में 05 लाख दीपों से होगा प्रधानमंत्री मोदी का वंदन-अभिनंदन

 | 
सेवा संकल्प अभियान में 05 लाख दीपों से होगा प्रधानमंत्री मोदी का वंदन-अभिनंदन


अमेठी, 15 सितंबर (हि.स.)। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के सार्वजनिक जीवन में सेवा, समर्पण एवं राष्ट्रनिष्ठा के 25 वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में भारतीय जनता पार्टी द्वारा ‘सेवा संकल्प अभियान-2026’ का आयोजन किया जा रहा है। अमेठी में यह अभियान 17 सितंबर से 17 अक्टूबर तक विभिन्न सेवा एवं संगठनात्मक कार्यक्रमों के माध्यम से व्यापक स्तर पर आयोजित किया जाएगा।

भारतीय जनता पार्टी के जिला प्रवक्ता चंद्रमौली सिंह ने मंगलवार को बताया कि इस अभियान के तहत प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के सार्वजनिक जीवन के 25 वर्षों की सेवा यात्रा को जन-जन तक पहुंचाने के साथ सेवा, सुशासन और राष्ट्रनिर्माण के संदेश को आगे बढ़ाया जाएगा। भाजपा के अनुसार प्रधानमंत्री ने ‘अंत्योदय, राष्ट्र प्रथम और सुशासन’ के संकल्प को अपने सार्वजनिक जीवन का ध्येय बनाकर सेवा को शासन की संस्कृति का आधार बनाया है।

अभियान के शुभारंभ अवसर पर 17 सितंबर को ‘आशीर्वाद के दीये’ कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा। इसके अंतर्गत पूर्व केंद्रीय मंत्री एवं पूर्व सांसद अमेठी स्मृति इरानी निर्धारित स्थानों पर दीप प्रज्वलन एवं प्रकाश सज्जा करेंगी। जनपद के 76 जनसंघ कालीन कार्यकर्ताओं और समाज के 15 प्रबुद्धजनों की सहभागिता में करीब 5 लाख दीप जलाकर प्रधानमंत्री के 25 वर्षों के सेवाकाल के प्रति वंदन-अभिनंदन किया जाएगा। साथ ही उनके स्वस्थ, यशस्वी एवं दीर्घायु जीवन की मंगलकामना की जाएगी।

भाजपा जिलाध्यक्ष सुधांशु शुक्ला अभियान को सफल और व्यापक बनाने के लिए लगातार कार्यकर्ताओं का मार्गदर्शन कर रहे हैं। उनके नेतृत्व में ‘सबका सहयोग, सबकी सहभागिता’ के भाव के साथ अभियान को जन-जन तक पहुंचाने के लिए संगठनात्मक स्तर पर तैयारियां की जा रही हैं।

उन्होंने आगे बताया कि सेवा संकल्प अभियान-2026 के अंतर्गत जनपद में 13 विविध कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। इनमें ‘आशीर्वाद के दीये’, ‘सेवा स्मरण’, ‘आँगन का मिलन’, ‘कहानी बदलाव की—25 साल, 25 कहानी’, ‘सेवा ज्योति यात्रा—बड़नगर से वाराणसी’, ‘सेवा मेरा योगदान’, ‘सेवा सेतु अभियान’, ‘सेवा रंग’, ‘नवाचार चुनौती’ और ‘जनसेवक महाकुंभ’ सहित विभिन्न कार्यक्रम शामिल हैं।

उन्होंने कहा कि यह अभियान केवल एक आयोजन नहीं, बल्कि प्रधानमंत्री के 25 वर्षों के सेवामय सार्वजनिक जीवन को जन-जन तक पहुंचाने और सेवा को सामाजिक संस्कार के रूप में स्थापित करने का राष्ट्रव्यापी संकल्प है। अमेठी में कार्यकर्ताओं और समाज के विभिन्न वर्गों की सहभागिता से अभियान को सेवा, संगठन और राष्ट्रभक्ति का संदेश देने वाला बनाया जाएगा।

हिन्दुस्थान समाचार / लोकेश त्रिपाठी