home page

अमेठी : संग्रामपुर पुलिस ने चोरी की दो घटनाओं का किया खुलासा, छह आरोपित गिरफ्तार

 | 
अमेठी : संग्रामपुर पुलिस ने चोरी की दो घटनाओं का किया खुलासा, छह आरोपित गिरफ्तार


अमेठी : संग्रामपुर पुलिस ने चोरी की दो घटनाओं का किया खुलासा, छह आरोपित गिरफ्तार


अमेठी, 19 अक्टूबर (हि.स.)। अमेठी जिले के संग्रामपुर थाना पुलिस ने चोरी की घटनाओं का खुलासा करते हुए छह आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से चोरी के 11 ड्रम तारकोल, घटना में प्रयुक्त दो पिकअप वाहन और दूसरी चोरी की घटना से संबंधित छह हजार रुपये नकद बरामद किए हैं। गिरफ्तार आरोपियों के खिलाफ विधिक कार्रवाई की जा रही है।

इसके संबंध में सोमवार को खुलासा करते हुए अमेठी सर्किल के पुलिस क्षेत्राधिकारी श्वेताभ भास्कर ने बताया कि पुलिस अधीक्षक अमेठी सरवणन टी. के निर्देशन और अपर पुलिस अधीक्षक ज्ञानेन्द्र कुमार सिंह के पर्यवेक्षण में अपराधियों की धरपकड़ के लिए अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में 19 अक्टूबर को संग्रामपुर पुलिस क्षेत्र में संदिग्ध व्यक्तियों, वस्तुओं और वाहनों की चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान मुखबिर की सूचना पर कंडवा महमूदपुर स्थित प्राथमिक विद्यालय के पीछे शिवलखन मिश्र के बाग से छह आरोपियों को गिरफ्तार किया गया। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान सुनील कुमार सिंह निवासी पूरे सिरोही, थाना मंगापुर, जनपद प्रतापगढ़, ध्रुव कुमार यादव निवासी जमुनिहां, थाना डीह, जनपद रायबरेली, अखिलेश कुमार यादव निवासी संग्रामपुर कटैली, थाना भदोखर, जनपद रायबरेली तथा विकास, राजू और करन निवासी गांधी नगर पालपुर, थाना जगदीशपुर, जनपद अमेठी के रूप में हुई है।

संग्रामपुर थाना प्रभारी संजय सिंह ने बताया कि पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि 17 अक्टूबर 2026 को बुजेश प्रताप सिंह के हाथा से 11 ड्रम तारकोल पिकअप पर लादकर चोरी किए गए थे। इसके अलावा, तीन आरोपियों ने बताया कि उन्होंने 12 अगस्त 2026 की रात प्रेमकुमार तिवारी के घर में घुसकर अलमारी से गहने और 25 हजार रुपये नकद चोरी किए थे। आरोपियों के अनुसार, चोरी की गई नकदी खर्च हो चुकी थी और गहनों की बिक्री से मिली रकम में से छह हजार रुपये शेष बचे थे, जिन्हें पुलिस ने बरामद कर लिया। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से चोरी के 11 ड्रम तारकोल, वारदात में इस्तेमाल किए गए दो पिकअप वाहन और छह हजार रुपये नकद बरामद किए हैं। मामले में आगे की विधिक कार्रवाई की जा रही है।

हिन्दुस्थान समाचार / लोकेश त्रिपाठी