अमेठी की पूर्व नपं अध्यक्ष जेल से अस्पताल में भर्ती
सुलतानपुर, 27 मार्च (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के जिला अमेठी की पूर्व नगर पंचायत अध्यक्ष चंद्रमा देवी को फर्जी प्रमाण पत्र जारी करने सहित अन्य आरोपों से जुड़े मामले में गुरुवार को जेल भेज दिया गया था। तबियत खराब होने के कारण जेल से बीती रात अस्पताल मे भर्ती कर दिया गया।
पूर्व नपं अध्यक्ष के अधिवक्ता अरविंद सिंह राजा ने प्रभारी जिला जज राकेश पांडेय की कोर्ट में उनकी अंतरिम जमानत देने की मांग की, जबकि परिवादी घनश्याम सोनी के अधिवक्ता अजीजुर्रहमान और डीजीसी क्रिमिनल राम अचल मिश्र ने इसका विरोध किया। सुनवाई के बाद प्रभारी जिला जज ने अंतरिम जमानत अर्जी खारिज कर दी। नियमित जमानत पर सुनवाई के लिए 30 मार्च की तिथि तय की गई है।
यह मामला अमेठी के उद्योग व्यापार मंडल के नगर अध्यक्ष घनश्याम सोनी द्वारा दायर परिवाद से जुड़ा है। घनश्याम सोनी ने चंद्रमा देवी के साथ-साथ मुहल्ले के लल्लू प्रसाद सोनी, लालजी सोनी, पुजारी लाल सोनी और संगम लाल सोनी के खिलाफ केस दर्ज कराया था।
घनश्याम सोनी का आरोप है कि नगर पंचायत अध्यक्ष रहते हुए चंद्रमा देवी ने धोखाधड़ी कर उनका मकान लल्लू प्रसाद सोनी, लालजी सोनी, पुजारी लाल सोनी और संगम लाल सोनी के नाम दर्ज कर दिया था। कोर्ट ने इस मामले में 8 फरवरी 2024 को सभी आरोपितों को विचारण के लिए तलब किया था।
इस बीच, गुरुवार रात करीब 11 बजे चंद्रमा देवी को जेल से एम्बुलेंस द्वारा राजकीय मेडिकल कॉलेज ले जाया गया। उन्हें हाई बीपी सहित अन्य स्वास्थ्य सम्बंधी शिकायतें थीं, जिसके बाद डॉक्टरों ने जांच कर उन्हें अस्पताल में भर्ती कर लिया।
हिन्दुस्थान समाचार / दयाशंकर गुप्त

