अमेठी : सड़क हादसे में युवक की मौत, दोस्त घायल
अमेठी, 24 अगस्त (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के अमेठी जिले में जामो थाना क्षेत्र में तेज रफ्तार और नशे में वाहन चलाने के दौरान बाइक करीब 12 फीट गहरे पानी भरे गड्ढे में जा गिरी। हादसे में एक युवक की मौत हो गई जबकि दूसरा गंभीर रूप से घायल है। सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
मृतक की पहचान भीम (18) पुत्र जवाहर लाल निवासी पूरे अजीम थाना जायस के रूप में हुई। बताया जा रहा है कि मृतक भीम अपने दोस्त विकास पुत्र रामराज के साथ 23 अगस्त रविवार की शाम करीब 6:30 बजे अपनी बहन भारती की ससुराल हिंदू पुरवा, थाना जामो से निकला था। रास्ते में दोनों ने शराब पी। इसके बाद नशे की हालत में वाहन चलाते हुए मंडका मजरे नौरंगाबाद के पास ब्लाइंड मोड़ पर तेज गति के कारण वाहन अनियंत्रित हो गया और करीब 12 फीट गहरे पानी भरे गड्ढे में जा गिरा। हादसे में विकास वाहन से अलग छिटककर बाहर गिर गया, जबकि भीम वाहन के साथ गड्ढे में जा गिरा। सोमवार सुबह गड्ढे में वाहन का साइड मिरर दिखाई देने पर ग्रामीणों को घटना की जानकारी हुई। इसके बाद पुलिस ने मौके पर पहुंचकर वाहन और मृतक भीम के शव को बाहर निकलवाया।
जामो थाने के प्रभारी विनोद कुमार सिंह ने बताया कि घटना की जानकारी मिलते ही तत्काल मौके पर पुलिस पहुंच गई। प्रारंभिक जांच में तेज गति और नशे की हालत में वाहन चलाने के दौरान पानी भरे गड्ढे में गिरने से युवक की मौत होने की बात सामने आई है। शव को कब्जे में लेकर पंचायतनामा की कार्रवाई पूरी कर पोस्टमार्टम के लिए जिला मुख्यालय भेज दिया गया।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / लोकेश त्रिपाठी

