पिकअप और बाइक की टक्कर में एक की मौत, एक घायल
अमेठी, 16 अगस्त (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के अमेठी कोतवाली क्षेत्र में दुर्गापुर रोड पर हथकिला से पहले बासुपट्टी मोड़ के पास रविवार की शाम को पिकअप और बाइक की आमने-सामने से जोरदार टक्कर हो गई। हादसे में बाइक के चिथड़े उड़ गए जबकि पिकअप अनियंत्रित होकर सड़क के किनारे पेड़ से जा टकराई। इस टक्कर में बाइक सवार युवक और पिकअप का ड्राइवर दोनों गंभीर रूप से घायल हो गए।
प्राप्त जानकारी के अनुसार दुर्घटना होने के तत्काल बाद टक्कर की आवाज सुनकर आसपास के राहगीर और स्थानीय लोग मौके पर पहुंचे और घायलों को इलाज के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र अमेठी पहुंचाया। सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र अमेठी में मौजूद इमरजेंसी मेडिकल ऑफिसर डॉक्टर देवेश तिवारी और फार्मासिस्ट जितेंद्र सिंह ने छटपटा रहे युवक को बचाने की बहुत कोशिश की लेकिन सारी कोशिश है नाकाम रही। जांच के बाद एक युवक को मृत घोषित कर दिया। मृतक युवक की पहचान बाइक सवार सुनील (26) पुत्र अशोक, निवासी पीपरपुर, थाना रामगंज, जनपद अमेठी के रूप में हुई। जबकि गंभीर रूप से घायल पिकअप ड्राइवर रामराज यादव पुत्र राम आधार यादव, निवासी बघवारिया, थाना एवं जनपद अमेठी की नाजुक हालत को देखते हुए उसे जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया है।
अमेठी कोतवाली की प्रभारी निरीक्षक शिवाकांत त्रिपाठी ने बताया कि घटना की सूचना मिलते ही तत्काल कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंच गई । पुलिस ने मृतक के शव को कब्जे में लेकर परिजनों को सूचना दी और आवश्यक वैधानिक कार्रवाई शुरू कर दी गई है ।
हिन्दुस्थान समाचार / लोकेश त्रिपाठी

