अमेठी : स्वामी परमहंस आश्रम में दर्शन पूजन करने के बाद नवागत डीएम शशांक चौधरी ने कार्यभार संभाला
अमेठी, 22 सितंबर (हि.स.)। अमेठी जिले के नवागत जिलाधिकारी शशांक चौधरी ने मंगलवार देर शाम पदभार ग्रहण करने से पहले उन्होंने स्वामी परमहंस की तपोस्थली टीकरमाफी आश्रम पहुंचकर दर्शन-पूजन किया। समाधि स्थल पर माथा टेका। पंचदेव मंदिर में भी विधिवत दर्शन-पूजन किया। उसके बाद उन्होंने जनपद मुख्यालय गौरीगंज स्थित कोषागार पहुंचकर कार्यभार ग्रहण किया।
गौरतलब है कि टीकरमाफी आश्रम पहुंचने पर अमेठी के उपजिलाधिकारी पंकज कुमार मिश्रा और नायब तहसीलदार अजय सिंह ने गुलदस्ता भेंट कर नवागत जिलाधिकारी का स्वागत किया। मंदिर परिसर में पहुंचकर जिलाधिकारी ने स्वामी परमहंस की समाधि स्थल के दर्शन किए। इसके बाद पंचदेव मंदिर में पहुंचकर पूजा-अर्चना की। आश्रम की ओर से किए गए अनुरोध पर उन्होंने जल भी ग्रहण किया। इस दौरान भेंटुआ के ब्लॉक प्रमुख आकर्ष शुक्ला और टीकरमाफी के ग्राम प्रधान संजय सिंह ने जिलाधिकारी को आश्रम के इतिहास, धार्मिक महत्व और परिसर में संचालित गतिविधियों की विस्तार से जानकारी दी। आश्रम में चल रहे निशुल्क दीक्षा प्रदान करने वाले विद्यालय एवं महाविद्यालय सहित अन्य व्यवस्थाओं के बारे में भी उन्हें अवगत कराया गया।
नवागत जिलाधिकारी शशांक चौधरी ने आश्रम में मौजूद लोगों से संवाद करते हुए कहा कि कार्यभार ग्रहण करने के बाद वह दोबारा टीकरमाफी आश्रम आएंगे। उन्होंने आश्रम परिसर का विस्तार से भ्रमण करने तथा यहां संचालित विद्यालय एवं महाविद्यालय की व्यवस्थाओं को देखने की बात कही। इस दौरान मंदिर प्रबंधन की ओर से उन्हें आशीर्वाद के स्वरूप में अंग वस्त्र प्रदान करते हुए स्मृति चिन्ह भी दिया गया। इसके बाद वह जिला मुख्यालय गौरीगंज के लिए रवाना हो गए।
गौरीगंज पहुंचकर नवागत जिलाधिकारी ने जिला कोषागार में जिलाधिकारी अमेठी के पद का कार्यभार ग्रहण किया। पदभार संभालने के बाद उन्होंने जिले के अधिकारियों से परिचय प्राप्त किया और प्रशासनिक व्यवस्था से संबंधित जानकारी ली।
उल्लेखनीय है कि शशांक चौधरी 2017 बैच के आईएएस अधिकारी हैं। अमेठी का जिलाधिकारी बनने से पहले वह अपर मुख्य कार्यपालक अधिकारी (ACEO), इन्वेस्ट यूपी एवं यूपीडा (UPEIDA), लखनऊ के पद पर कार्यरत थे। इससे पूर्व वह नगर आयुक्त मथुरा-वृंदावन, मुख्य विकास अधिकारी मेरठ और ज्वाइंट मजिस्ट्रेट अमरोहा जैसे महत्वपूर्ण पदों पर अपनी सेवाएं दे चुके हैं।
कार्यभार ग्रहण करने के दौरान मुख्य विकास अधिकारी पूजा साहू, वरिष्ठ कोषाधिकारी रामेंद्र कुमार, अपर जिलाधिकारी वित्त एवं राजस्व ज्योति सिंह, अपर जिलाधिकारी न्यायिक अमृता, उपजिलाधिकारी गौरीगंज दिशा श्रीवास्तव सिंह सहित अन्य संबंधित अधिकारी मौजूद रहे।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / लोकेश त्रिपाठी

