home page

बेटे को बचाने तालाब में कूदी मां, दोनों की मौत

 | 
बेटे को बचाने तालाब में कूदी मां, दोनों की मौत


अमेठी, 29 जुलाई (हि.स.)। जिले की कोतवाली क्षेत्र के नुवावा गांव में बुधवार शाम एक मां और बेटे की तालाब में डूबने से मौत हो गई। भैंस को तालाब से निकालने के दौरान बेटा गहरे पानी में डूबने लगा तो उसे बचाने के लिए मां ने बिना देर किए तालाब में छलांग लगा दी, लेकिन दोनों की जान नहीं बच सकी। इस घटना के बाद परिवार में कोहराम मच गया। वहीं, पूरे गांव में शोक की लहर दौड़ गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शवों को कब्जे में लेकर आवश्यक वैधानिक कार्रवाई शुरू कर दी है।

नुवावा गांव निवासी दीपक विश्वकर्मा (19) बुधवार देर शाम तालाब में घुसी भैंस को निकालने के लिए पानी में उतरा था। इसी दौरान वह गहरे पानी में चला गया और डूबने लगा। बेटे को संकट में देख उसकी 42 वर्षीय मां गीता देवी पत्नी रमेश विश्वकर्मा उसे बचाने के लिए तालाब में कूद गईं। तालाब की गहराई अधिक होने के कारण दोनों बाहर नहीं निकल सके। घटना की सूचना मिलते ही ग्रामीण मौके पर पहुंचे और काफी मशक्कत के बाद दोनों को तालाब से बाहर निकाला। इसके बाद निजी वाहन से सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) अमेठी ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने जांच के बाद मां और बेटे को मृत घोषित कर दिया।घटना के बाद मृतकों के परिजनों का रो-रोकर हाल बेहाल है, जबकि पूरे नुवावा गांव में मातम पसरा हुआ है।

सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र अमेठी के अधीक्षक डॉ. सौरभ सिंह ने बताया कि दोनों की मृत्यु डूबने से हुई है। पुलिस को सूचना और मेमो उपलब्ध करा दिया गया है तथा आगे की कार्रवाई नियमानुसार की जाएगी।

कोतवाल श्रीराम पांडेय ने बताया कि अस्पताल से प्राप्त मेमो के आधार पर पुलिस ने तत्काल कार्रवाई करते हुए दोनों शवों को कब्जे में ले लिया है। पंचायतनामा भरने के बाद शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेजा जा रहा है। मामले में आवश्यक विधिक कार्रवाई की जा रही है।

-------------

हिन्दुस्थान समाचार / लोकेश त्रिपाठी