home page

अज्ञात वाहन की टक्कर से अधेड़ की मौत

 | 
अज्ञात वाहन की टक्कर से अधेड़ की मौत


अमेठी, 03 सितंबर (हि.स.)। अमेठी जनपद अंतर्गत इंहौना थाना क्षेत्र के लखनऊ-सुल्तानपुर राजमार्ग पर चिलौली गांव के निकट बुधवार रात अज्ञात वाहन की टक्कर से एक अधेड़ की मौके पर ही मौत हो गई। हादसे के बाद परिजनों ने पुलिस को सूचना दिए बिना ही गुरुवार को शव का अंतिम संस्कार कर दिया। पुलिस का कहना है कि घटना के संबंध में परिजनों की ओर से कोई सूचना नहीं दी गई है।

चिलौली गांव निवासी देव प्रकाश शुक्ला (53) बुधवार रात करीब नौ बजे लखनऊ-सुल्तानपुर राजमार्ग किनारे स्थित एक ढाबे पर चाय पीने गए थे। मृतक के बेटे सत्यम शुक्ला के अनुसार, चाय पीने के बाद वापस लौटते समय किसी तेज रफ्तार अज्ञात वाहन ने उन्हें टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जोरदार थी कि देव प्रकाश शुक्ला की मौके पर ही मौत हो गई। हादसे की जानकारी मिलने के बाद परिजन मौके पर पहुंचे और शव को घर ले गए। गुरुवार को परिजनों ने पुलिस को घटना की सूचना दिए बिना ही शव का अंतिम संस्कार कर दिया। देव प्रकाश शुक्ला की अचानक मौत से परिवार में कोहराम मच गया। पत्नी सुधा का रो-रोकर बुरा हाल है। पति की मौत से गमजदा सुधा ने कहा कि बुजुर्ग अवस्था में पति ही उनका सहारा थे, लेकिन भगवान ने वह सहारा भी उनसे छीन लिया। चिलौली निवासी देव प्रकाश शुक्ला उर्फ ‘देवा’ गांव और आसपास के क्षेत्र में अपनी बहुमुखी प्रतिभा के लिए जाने जाते थे। ग्रामीणों के बीच वह ‘जादूगर’ के नाम से मशहूर थे। खासकर छोटे बच्चों के बीच वह मनोरंजन का प्रमुख साधन बने रहते थे। देव प्रकाश शुक्ला कई तरह की कलाओं और तकनीकी कामों में भी माहिर बताए जाते थे। वह ऑटोमोबाइल रिपेयरिंग और कृषि यंत्रों की मरम्मत का काम भी जानते थे। उनकी इस प्रतिभा के चलते ग्रामीणों से उनका गहरा जुड़ाव था।

इस संबंध में इंहौना थाना प्रभारी विवेक सिंह ने बताया कि परिजनों द्वारा घटना से संबंधित कोई सूचना पुलिस को नहीं दी गई है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / लोकेश त्रिपाठी