संदिग्ध परिस्थितियों में ट्रेन से कट कर अधेड़ की मौत
अमेठी, 12 अप्रैल (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के अमेठी जिले के कमरौली थाना क्षेत्र अंतर्गत बीती रात्रि शनिवार को संदिग्ध परिस्थितियों में एक अधेड़ की ट्रेन की चपेट में आने से मौत हो गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर जांच करते हुए वैधानिक कार्यवाही की।
प्राप्त जानकारी के अनुसार कमरौली थाना क्षेत्र अंतर्गत इंडस्ट्रियल एरिया कठौरा स्थित मोती दुबे का पुरवा गांव के पास रेलवे क्रॉसिंग पर बीती देर रात करीब 1:30 बजे के लगभग एक अधेड़ की ट्रेन के चपेट में आने से मौत हो गई। रेलवे से प्राप्त सूचना के आधार पर मौके पर पहुंची थाना पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पहचान का प्रयास किया। मृतक की पहचान जयप्रकाश गिरी (55) निवासी पुरे गोसाई थाना कमरौली है। घटना की जानकारी पुलिस ने परिजनों को देते हुए शव को कब्जे में ले लिया।
कमरौली थाना प्रभारी मुकेश पटेल ने रविवार को बताया कि बीती रात्रि के अधेड़ की ट्रेन से कटकर मौत की जानकारी मिली थी। थाना पुलिस ने मौके पर पहुंच कर शव की गई। शव का पंचायतनामा भरते हुए पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। घटना के संबंध में परिजनों से पूछताछ और जानकारी एकत्रित की जा रही है कि आखिर जयप्रकाश किन परिस्थितियों में आधी रात को रेलवे ट्रैक पर पहुंचा था। जांच के बाद आवश्यक वैधानिक कार्यवाही की जाएगी।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / लोकेश त्रिपाठी

