home page

सेवा संकल्प अभियान को जनआंदोलन का रूप दें: प्रतिभा शुक्ला

 | 
सेवा संकल्प अभियान को जनआंदोलन का रूप दें: प्रतिभा शुक्ला


अमेठी, 15 सितंबर (हि.स.)। उत्तर प्रदेश सरकार में महिला कल्याण, बाल विकास एवं पुष्टाहार विभाग की राज्यमंत्री एवं अमेठी की प्रभारी मंत्री प्रतिभा शुक्ला ने आगामी 17 सितंबर से 17 अक्टूबर तक आयोजित होने वाले ‘सेवा संकल्प अभियान’ की तैयारियों की समीक्षा की। उन्होंने विकास भवन सभागार में अधिकारियों एवं जनप्रतिनिधियों के साथ बैठक कर अभियान के सफल संचालन और जनभागीदारी बढ़ाने के निर्देश दिए।

बैठक को संबोधित करते हुए प्रभारी मंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के 25 वर्षों के सार्वजनिक जीवन एवं सेवा काल की उपलब्धियों को जन-जन तक पहुंचाने तथा नागरिकों को ‘विकसित भारत-2047’ के राष्ट्रीय संकल्प से जोड़ने के उद्देश्य से यह अभियान आयोजित किया जा रहा है।

उन्होंने कहा कि अभियान केवल कार्यक्रम नहीं, बल्कि जनसेवा, सुशासन और जनभागीदारी को मजबूत करने वाला व्यापक जनआंदोलन है। उन्होंने बताया कि अभियान के माध्यम से केंद्र सरकार के 12 वर्षों तथा प्रदेश सरकार के 10 वर्षों में हुए विकास कार्यों और जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी आमजन तक पहुंचाई जाएगी। साथ ही पात्र लोगों को विभिन्न योजनाओं से जोड़ने का कार्य भी किया जाएगा।

प्रभारी मंत्री ने बताया कि अभियान का शुभारंभ 17 सितंबर को ‘सेवा दिवस-आशीर्वाद का दीया’ थीम के साथ किया जाएगा। इस अवसर पर शाम 7 बजे दीप प्रज्वलन कार्यक्रम होगा। उन्होंने आम नागरिकों, लाभार्थी परिवारों, जनप्रतिनिधियों, सामाजिक संगठनों, युवाओं, स्वयंसेवी संस्थाओं एवं सोशल मीडिया इन्फ्लुएंसर्स से घरों, प्रतिष्ठानों और सार्वजनिक स्थलों पर दीप जलाकर अभियान में सहभागिता करने तथा फोटो-वीडियो सोशल मीडिया पर साझा करने की अपील की।

बैठक में जिला पंचायत अध्यक्ष राजेश अग्रहरि, विधायक गौरीगंज राकेश प्रताप सिंह, जिलाधिकारी संजय चौहान, पुलिस अधीक्षक सरवणन टी., मुख्य विकास अधिकारी पूजा साहू, भाजपा जिलाध्यक्ष सुधांशु शुक्ला सहित अन्य जनप्रतिनिधि, जिला स्तरीय अधिकारी एवं संबंधित कर्मचारी मौजूद रहे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / लोकेश त्रिपाठी