home page

अमेठी में हेलीकॉप्टर से कांवड़ियों पर पुष्पवर्षा

 | 
अमेठी में हेलीकॉप्टर से कांवड़ियों पर पुष्पवर्षा


अमेठी में हेलीकॉप्टर से कांवड़ियों पर पुष्पवर्षा


अमेठी में हेलीकॉप्टर से कांवड़ियों पर पुष्पवर्षा


अमेठी, 17 अगस्त (हि.स.)। सावन के तीसरे सोमवार और नाग पंचमी के अवसर पर मुसाफिरखाना तहसील क्षेत्र के कोछित स्थित दंडेश्वर महादेव मंदिर में शिवभक्ति का अद्भुत नजारा देखने को मिला। कांवड़ यात्रा के दौरान हेलीकॉप्टर से शिवभक्तों और कांवड़ियों पर पुष्पवर्षा की गई। आसमान से फूल बरसते ही कांवड़ियों में उत्साह की लहर दौड़ गई और पूरा कांवड़ मार्ग हर-हर महादेव व बोल बम के जयकारों से गूंज उठा।

पुष्पवर्षा के दौरान जिलाधिकारी संजय चौहान और पुलिस अधीक्षक सरवणन टी. मौजूद रहे। दोनों अधिकारियों ने हेलीकॉप्टर से कांवड़ यात्रा मार्ग का जायजा लेते हुए शिवभक्तों पर पुष्प बरसाए। हेलीकॉप्टर को आसमान में देखकर श्रद्धालुओं में उत्सुकता बढ़ गई और पुष्पवर्षा शुरू होते ही कांवड़ियों ने हाथ उठाकर भगवान शिव का जयघोष किया।

कंधों पर कांवड़ और हाथों में गंगाजल लेकर शिवभक्त दंडेश्वर महादेव के दर्शन के लिए आगे बढ़ रहे थे। पुष्पवर्षा ने यात्रा के उत्साह को और बढ़ा दिया। मार्ग पर मौजूद श्रद्धालुओं ने इस दृश्य का आनंद लिया और कई लोगों ने मोबाइल फोन से यादगार क्षणों को कैमरे में कैद किया।

जिलाधिकारी संजय चौहान ने बताया कि सावन के पवित्र महीने में नाग पंचमी के दिन मुसाफिरखाना के पवित्र दंडेश्वर महादेव मंदिर पर श्रद्धालुओं के ऊपर हेलीकॉप्टर से पुष्पवर्षा की गई। उन्होंने कहा कि इसके माध्यम से यह संदेश देने का प्रयास किया गया है कि सभी त्योहार श्रद्धा और उल्लास के साथ मनाए।सभी वर्गों और धर्मों के लोग मिल-जुलकर त्योहारों को सामाजिक समरसता के अवसर के रूप में मनाएं।

डीएम ने बताया कि करीब 40 मिनट की हेलीकॉप्टर यात्रा के दौरान पुष्पवर्षा के साथ-साथ जनपद में जलभराव, बाढ़ की स्थिति, सुरक्षा व्यवस्था और रास्तों का भी जायजा लिया गया। इस दौरान गोशालाओं का निरीक्षण करने के साथ गोमती नदी के जलस्तर की स्थिति भी देखी गई। उन्होंने कहा कि 40 मिनट की इस यात्रा के दौरान पुष्पवर्षा के साथ कई महत्वपूर्ण उद्देश्यों की पूर्ति हुई।

सावन के तीसरे सोमवार को दंडेश्वर महादेव मंदिर में बड़ी संख्या में श्रद्धालु पहुंचे। मंदिर परिसर और आसपास के क्षेत्र में विशेष चहल-पहल रही। घंटियों की ध्वनि, शिवभक्तों के जयकारों और धार्मिक नारों से पूरा वातावरण शिवमय नजर आया। दूर-दराज से आए कांवड़ियों ने मंदिर पहुंचकर भगवान शिव का जलाभिषेक कर दर्शन-पूजन किया।

हेलीकॉप्टर से हुई पुष्पवर्षा को प्रशासन की ओर से कांवड़ियों के स्वागत और सम्मान के रूप में देखा गया। पुष्पवर्षा के दौरान कांवड़ियों के चेहरों पर खुशी साफ दिखाई दी। कार्यक्रम में विधायक जगदीशपुर सुरेश पासी और उपजिलाधिकारी मुसाफिरखाना नीतेश राज भी मौजूद रहे। सावन के तीसरे सोमवार पर हुआ यह आयोजन शिवभक्तों के लिए यादगार बन गया।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / लोकेश त्रिपाठी