home page

अमेठी रेलवे स्टेशन के पास इंटरसिटी एक्सप्रेस पर पत्थरबाजी, ट्रेन मैनेजर घायल

 | 
अमेठी रेलवे स्टेशन के पास इंटरसिटी एक्सप्रेस पर पत्थरबाजी, ट्रेन मैनेजर घायल


अमेठी, 21 अक्टूबर (हि.स.)। बीती रात वाराणसी से लखनऊ जा रही इंटरसिटी ट्रेन पर अमेठी रेलवे स्टेशन के पास अज्ञात व्यक्ति द्वारा पत्थर फेंके जाने का मामला सामने आया है। पत्थर लगने से ट्रेन के शीशे टूट गए और ट्रेन मैनेजर हरिकेश कुमार गंभीर रूप से घायल हो गए हैं । पीड़ित तहरीर पर राजकीय रेलवे पुलिस (जीआरपी) रायबरेली में एफआईआर दर्ज कर आवश्यक वैधानिक कार्यवाही की जा रही है।

तहरीर के अनुसार हरिकेश कुमार पुत्र स्वर्गीय रामजियावन, निवासी मकान नंबर एसएच 06/36 कठवतिया, शिवपुर, वाराणसी, उत्तर रेलवे के लखनऊ डिवीजन के वाराणसी मुख्यालय में ट्रेन मैनेजर के पद पर कार्यरत हैं। 20 अक्टूबर मंगलवार को उनकी ड्यूटी ट्रेन संख्या 24203 वाराणसी-लखनऊ इंटरसिटी एक्सप्रेस में लगी थी। वह ट्रेन में ड्यूटी कर रहे थे और ट्रेन वाराणसी से लखनऊ की ओर जा रही थी। आरोप है कि जब ट्रेन अमेठी रेलवे स्टेशन में प्रवेश कर रही थी, तभी आउटर के पास किसी अज्ञात व्यक्ति ने रेलवे संपत्ति को नुकसान पहुंचाने और ट्रेन में सवार यात्रियों की जान-माल को खतरे में डालने के उद्देश्य से पत्थर फेंका। पत्थर ट्रेन के कोच की खिड़की के शीशे को तोड़ते हुए हरिकेश कुमार के सिर के पिछले हिस्से में जा लगा, जिससे उन्हें गंभीर चोटें आईं। घटना के बाद घायल ट्रेन मैनेजर ड्यूटी से कार्यमुक्त होकर जीआरपी रायबरेली पहुंचे। वह अपने साथ वह पत्थर भी लेकर पहुंचे, जिससे चोट लगने की बात कही गई है। उन्होंने पुलिस से मामले में प्राथमिकी दर्ज कर आरोपी की पहचान करने और उसके विरुद्ध कार्रवाई करने की मांग की गईं।

घटना के संबंध में जीआरपी थाना प्रतापगढ़ के प्रभारी हरिनाथ सिंह ने पुष्टि करते हुए बुधवार को बताया कि पीड़ित मैनेजर के प्रार्थना पत्र पर रायबरेली जीआरपी में जीरो एफआईआर दर्ज की गई है। इस घटना में किसी भी यात्री को कोई चोट नहीं आई है। रेलवे पुलिस अज्ञात व्यक्ति की पहचान और मामले की कार्रवाई के संबंध में जुटी हुई है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / लोकेश त्रिपाठी