खडे ट्रक से टकराई एम्बुलेंस, चालक की मौत
हमीरपुर, 27 अगस्त (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के हमीरपुर जिले में गुरुवार को सुमेरपुर थाना क्षेत्र के कबरई की ओर से मरीज को छोड़कर वापस कानपुर लौट रही निजी एंबुलेंस फैक्ट्री एरिया में पुलिस चौकी के सामने अनियंत्रित होकर हाईवे में खड़े सीज ट्रक से टकराकर क्षतिग्रस्त हो गई। इस घटना में एंबुलेंस चालक गंभीर रूप से घायल हो गया। दूसरी एंबुलेंस की मदद से फैक्ट्री एरिया चौकी पुलिस ने प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया। हालत गंभीर होने पर इसको सदर अस्पताल रेफर किया गया। सदर अस्पताल में इलाज के दौरान इसकी मौत हो गई।
कानपुर देहात के राजपुर थाना सिकंदरा निवासी नागेश 35 वर्ष पुत्र शिवशंकर पेशे से चालक था और यह एक निजी एम्बुलेंस चलाता था। बुधवार को रात में वह कानपुर से मरीज को लेकर कबरई के पास किसी गांव में छोड़ने गया था। गुरुवार को वापस कानपुर लौट रहा था तभी उद्योग नगरी में पुलिस चौकी के पास तेज रफ्तार एंबुलेंस असंतुलित होकर फैक्ट्री के सामने हाईवे पर खड़े सीज ट्रक से टकराकर क्षतिग्रस्त हो गई। इस घटना में नागेश गंभीर रूप से घायल होकर एंबुलेंस में फस गया। तेज धमाके की आवाज सुनकर फैक्ट्री एरिया पुलिस चौकी इंचार्ज अंकित बैसला पुलिस कर्मियों के साथ चौकी से बाहर आए और एंबुलेंस में फंसे चालक को तड़पता देखकर आनन-फानन में उसे निकलकर इलाज के लिए दूसरी एंबुलेंस की मदद से प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया। हालत नाजुक होने पर उसको तत्काल सदर अस्पताल रेफर किया गया है। सदर अस्पताल में उसने पहुंच कर दम तोड़ दिया। शव को मोर्चरी में रखवाकर परिजनों को सूचित किया गया। सूचना पाकर परिजन अस्पताल पहुंचे। फैक्ट्री एरिया चौकी इंचार्ज ने गुरुवार को बताया कि शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम कराया है शाम को परिजन शव लेकर राजपुर सिकंदरा लौट गए हैं।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / पंकज मिश्रा

