home page

आंबेडकरजी आजीवन जाति भेदभाव के खिलाफ रहे : मिलिंद राज

 | 
आंबेडकरजी आजीवन जाति भेदभाव के खिलाफ रहे : मिलिंद राज


आंबेडकरजी आजीवन जाति भेदभाव के खिलाफ रहे : मिलिंद राज


मुरादाबाद, 14 अप्रैल (हि.स.)। अखिल भारतीय अंबेडकर संघ की ओर से डॉ. भीमराव आंबेडकर का 136वां जन्मोत्सव बड़ी धूमधाम से मनाया गया। सिविल लाइन स्थित डॉ भीमराव अंबेडकर पार्क में गोष्ठी का आयोजन किया गया। मुख्य अतिथि संयुक्त आयुक्त जीएसटी मिलिंद राज ने कहा कि भारतीय समाज में जाति एक जटिल और गहराई से जमी हुई संरचना है। इसे खत्म करने का आह्वान डॉ. भीमराव आंबेडकर ने किया था। वह न केवल जाति प्रथा के खिलाफ थे, बल्कि समानता वाले समाज की उनकी चाहत भी थी। जाति भेदभाव के खिलाफ आंबेडकरजी आजीवन रहे।

गोष्ठी से पूर्व अखिल भारतीय अंबेडकर संघ के पदाधिकारियों के साथ मुख्य अतिथि के रूप में संयुक्त आयुक्त जीएसटी मिलिंद राज, विशिष्ट अतिथि भू वैज्ञानिक नई दिल्ली सरविंद्र, गेस्ट असिस्टेंट प्रोफेसर दिल्ली यूनिवर्सिटी डॉ मुन्नी भारती, डॉ एसके सिंह, मुख्य वक्ता निखिल कुमार दास, वक्त अलका राज सभी ने भारत रत्न बाबा साहेब की प्रतिमा पर माल्यार्पण किया और उनके आदर्शों को याद किया।

गोष्ठी के बाद राजकीय इंटर कॉलेज मुगलपुरा से भव्य शोभायात्रा निकाली गई, जिसमें बाबा साहेब की जीवन पर आधारित झांकियों को भी शामिल किया गया। गाजे-बाजे के साथ शोभायात्रा में लोग शामिल हुए। शोभायात्रा में विभिन्न प्रकार की झांकियों ने लोगों का मन मोह लिया। शोभायात्रा के मार्ग में जगह-जगह पुष्पवर्षा से स्वागत किया गया। शोभायात्रा मंडी चौक, टाउनहॉल, गुरहट्टी से डिप्टी गंज होते हुए शाम काे आंबेडकर पार्क में समाप्त हुई। समापन समारोह के अवसर पर डॉ आंबेडकर सामान्य ज्ञान प्रतियोगिता के विजेताओं को सम्मानित किया गया।

डॉ. भीमराव आंबेडकर की जयंती के अवसर पर शहर के विभिन्न स्थानों से झांकियां निकाली गईं। हर्षोल्लास के साथ जयंती मनाई गई। सुबह से ही जिले के सभी आंबेडकर पार्को में जनसभा आयोजित हुई। जिसमें बाबा साहेब की प्रतिमा पर माल्यार्पण किया गया। साथ ही उनके जीवन के विभिन्न संघर्षों पर वक्ताओं ने प्रकाश डाला।

हिन्दुस्थान समाचार / निमित कुमार जायसवाल