home page

जौनपुर जिले में शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हुई अलविदा जुमे की नमाज

 | 
जौनपुर जिले में शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हुई अलविदा जुमे की नमाज


जौनपुर जिले में शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हुई अलविदा जुमे की नमाज


जौनपुर, 13 मार्च (हि.स.)। रमजान महीने के अंतिम शुक्रवार को अदा की जाने वाली अलविदा जुमा की नमाज उत्तर प्रदेश के जौनपुर जिले में शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हुई। इस अवसर पर शहर के प्रमुख मस्जिदों में नमाजियों की भारी भीड़ उमड़ पड़ी। इसके मद्देनजर सुरक्षा व्यवस्था के पुख्ता इंतजाम थे।

शहर की ऐतिहासिक शाही अटाला मस्जिद में मौलाना अहमद नवाज ने नमाज-ए-जुमा अदा कराई। मौलाना आफाक ने कहा कि रमजान इबादत और बरकत का महीना है। इस दौरान मुस्लिम समाज के लोग विशेष रूप से तरावीह की नमाज अदा करते हैं, जो केवल रमजान में ही पढ़ी जाती है।

शाही जामा मस्जिद (बड़ी मस्जिद) में मौलाना अबू हुरैरा ने नमाज अदा कराई और देश में अमन-चैन तथा भाईचारे की मजबूती के लिए दुआ की। मदरसा हनफिया, नवाब यूसुफ रोड स्थित मदीना मस्जिद में मौलाना अहमद रजा जाफरी ने नमाज पढ़ाई। मौलाना कयामुद्दीन ने कहा कि रमजान का महीना इबादत के साथ-साथ गुनाहों से बचने और तौबा करने का भी समय है। इसके अलावा शाही किला मस्जिद, शाही झंझरी मस्जिद, शाही लाल दरवाजा मस्जिद, लाल मस्जिद, इलाही मस्जिद उर्दू बाजार, चहारसू मस्जिद, कचहरी मस्जिद, मीरपुर मस्जिद और मियांपुर मस्जिद सहित शहर और आसपास की अन्य मस्जिदों में भी अलविदा जुमे की नमाज अकीदत के साथ अदा की गई।

सहायक पुलिस अधीक्षक गोल्डी गुप्ता ने बताया कि अलविदा जुमे की नमाज को लेकर जिला प्रशासन पूरी तरह अलर्ट रहा। नमाज से पहले जिलाधिकारी, पुलिस अधीक्षक सहित अन्य अधिकारियों ने शहर में गश्त कर सुरक्षा व्यवस्थाओं का जायजा लिया। पूरे शहर को सेक्टर और जोन में बांटकर पुलिस बल तथा मजिस्ट्रेट तैनात किए गए थे।-----------------

हिन्दुस्थान समाचार / विश्व प्रकाश श्रीवास्तव