home page

इलाज में लापरवाही, अवैध वसूली व सीएमओ पर संरक्षण देने का आरोप

 | 
इलाज में लापरवाही, अवैध वसूली व सीएमओ पर संरक्षण देने का आरोप


कानपुर, 02 अप्रैल (हि.स.)। कानपुर में स्वास्थ्य सेवाओं की कार्यप्रणाली को लेकर एक बार फिर गंभीर आरोप सामने आए हैं। आईपीएल में मुंबई इंडियंस का हिस्सा रह चुके क्रिकेटर उत्कर्ष द्विवेदी ने अपनी मां की मौत के मामले में निजी अस्पताल और स्वास्थ्य विभाग पर गंभीर आरोप लगाए हैं। उनका कहना है कि इलाज के नाम पर न केवल अवैध वसूली की गई, बल्कि लापरवाही भी बरती गई और विरोध करने पर उनके खिलाफ झूठा मुकदमा दर्ज करा दिया गया। साथ ही उन्होंने मुख्य चिकित्सा अधिकारी (सीएमओ) कार्यालय पर भी अस्पताल को बचाने का आरोप लगाया है।

रायपुरवा क्षेत्र निवासी उत्कर्ष द्विवेदी ने गुरुवार को नवीन मार्केट स्थित कानपुर प्रेस क्लब में प्रेसवार्ता कर बताया कि 21 जुलाई 2025 को उनकी मां को खून की कमी के कारण चकेरी के शिवकटरा स्थित कैलाश मेडिकल सेंटर में भर्ती कराया गया था। उनका आरोप है कि अस्पताल ने इलाज के नाम पर मोटी रकम ली, लेकिन भर्ती के कुछ ही घंटों के भीतर उनके मां की मौत हो गई।

उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि मृत्यु के बाद भी अस्पताल प्रबंधन मरीज को वेंटिलेटर पर रखकर इलाज जारी होने का दावा करता रहा। परिजनों के विरोध के बाद करीब तीन घंटे बाद शव सौंपा गया। लेकिन इलाज से जुड़े कोई दस्तावेज उपलब्ध नहीं कराए गए।

उत्कर्ष द्विवेदी के अनुसार उन्होंने इस पूरे प्रकरण की शिकायत स्वास्थ्य विभाग और प्रशासन से की, लेकिन कहीं से भी कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई। उल्टा अस्पताल प्रबंधन ने उन पर ही 40 लाख रुपये की रंगदारी का मुकदमा दर्ज करा दिया। जिससे उनके करियर और सामाजिक छवि को नुकसान पहुंचा है।

उन्होंने बताया कि सूचना के अधिकार (आरटीई) के तहत मांगी गई जानकारी में कई विसंगतियां सामने आई हैं। जिससे अस्पताल और अधिकारियों की भूमिका पर संदेह गहरा गया है। उनका आरोप है कि सीएमओ हरि दत्त नेमी की ओर से समझौते का दबाव भी बनाया गया।

पीड़ित ने कहा कि अस्पताल मालिक डॉ जितेंद्र शर्मा ने स्वाथ्य विभाग से मिलकर उन्हें परेशान किया है। मां की मौत के बाद अब वह मानसिक रूप से साफ परेशान रहते हैं। उन्होंने हाल के किडनी कांड का जिक्र करते हुए स्वास्थ्य विभाग की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाए और पूरे मामले की उच्चस्तरीय जांच कराने की मांग की है।

हिन्दुस्थान समाचार / रोहित कश्यप