home page

प्राथमिक विद्यालय के नए भवन निर्माण में मानकों की अनदेखी का आरोप

 | 
प्राथमिक विद्यालय के नए भवन निर्माण में मानकों की अनदेखी का आरोप


बाराबंकी, 20 नवंबर (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के बाराबंकी में ब्लॉक रामनगर के प्राथमिक विद्यालय थाल खुर्द में निर्माणाधीन नवीन भवन की गुणवत्ता को लेकर सवाल खड़े होने लगे हैं। ग्रामीणों ने निर्माण कार्य में मानकों की अनदेखी कर घटिया सामग्री इस्तेमाल किए जाने का आरोप लगाया है। भवन में पीली ईंटों के प्रयोग और मसाले के अनुपात को लेकर भी शिकायतें सामने आई हैं। निर्माण कार्य में लगे एक मजदूर का वीडियो भी सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है, जिसमें वह सात-एक के अनुपात में मसाला लगाए जाने की बात कह रहा है।

जानकारी के अनुसार, विद्यालय परिसर में करीब 15 लाख 68 हजार रुपये की लागत से दो कमरे, एक बरामदा और एक प्रधानाध्यापक कक्ष का निर्माण कराया जा रहा है। वर्तमान में विद्यालय के अतिरिक्त कक्षों में शिक्षण कार्य संचालित हो रहा है। ग्रामीणों का आरोप है कि निर्माण की जिम्मेदारी इंचार्ज प्रधानाध्यापक ने एक व्यक्ति को ठेके पर दे रखी है। संबंधित व्यक्ति द्वारा निर्माण में निर्धारित मानकों की अनदेखी की जा रही है।

ग्रामीणों के मुताबिक, भवन निर्माण में पीली ईंटों का इस्तेमाल किया जा रहा है। वहीं, सीमेंट, मौरंग और बालू के मिश्रण का अनुपात भी मानक के अनुरूप नहीं है। सबसे गंभीर सवाल भवन की नींव को लेकर उठाए जा रहे हैं। आरोप है कि नींव की गहराई कम रखी गई है और तल में गिट्टी डालने के बजाय बालू तथा नाममात्र के पीली ईंटों के टुकड़ों का इस्तेमाल किया गया है। इससे भवन की मजबूती और भविष्य में उसकी सुरक्षा को लेकर आशंकाएं जताई जा रही हैं।

ग्रामीणों का कहना है कि प्रधान प्रशासक सुनील कुमार यादव भी निर्माण की गुणवत्ता को लेकर पहले शिकायत कर चुके हैं। उन्होंने मौके पर पहुंचकर निर्माण कार्य में सुधार करने की हिदायत भी दी थी, लेकिन इसके बावजूद निर्माण कार्य में अपेक्षित सुधार नहीं हुआ। इसको लेकर ग्रामीणों में नाराजगी है। ग्रामीणों ने खंड शिक्षा अधिकारी (बीईओ) सहित विभागीय अधिकारियों से शिकायत कर निर्माण कार्य की निष्पक्ष जांच कराने और मानकों के अनुरूप काम सुनिश्चित कराने की मांग की है।

इस संबंध में विभागीय सहायक अभियंता विश्वजीत राय ने बताया कि मौके पर जांच कराई जाएगी। भवन का निर्माण गुणवत्तापूर्ण हो, यह सुनिश्चित किया जाएगा।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / पंकज कुमार चतुवेर्दी