home page

मथुरा में सपा नेता राजन रिजवी के खिलाफ एफआईआर दर्ज होने के बाद पार्टी ने पद से हटाया

 | 
मथुरा में सपा नेता राजन रिजवी के खिलाफ एफआईआर दर्ज होने के बाद पार्टी ने पद से हटाया


मथुरा, 16 सितम्बर (हि.स.)। समाजवादी पार्टी अल्पसंख्यक सभा, उत्तर प्रदेश के प्रदेश महासचिव राजन रिजवी की मुश्किलें बढती जा रही हैं। मथुरा में गंभीर धाराओं में एफआईआर दर्ज होने के बाद बुधवार काे उन्हें एक और झटका लगा। सपा नेता राजन रिजवी को पार्टी विरोधी गतिविधियों के चलते पद से मुक्त कर दिया गया।

समाजवादी अल्पसंख्यक सभा के प्रदेश अध्यक्ष व पूर्व राज्यमंत्री मो. शकील नदवी ने प्रदेश महासचिव समाजवादी पार्टी अल्पसंख्यक प्रकोष्ठ राजन रिजवी को पार्टी विरोधी गतिविधयों में संलिप्त होने का आरोप लगाते हुए पद से हटा दिया ग है।

गौरतलब हो कि शहर कोतवाली क्षेत्र स्थित एक बैंक में तैनात महिला कर्मचारी की शिकायत पर समाजवादी पार्टी के नेता डॉ. राजन रिजवी के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया है। महिला ने नेता पर बिना अनुमति मोबाइल नंबर हासिल कर आपत्तिजनक एवं अवांछित संदेश भेजने समेत कई गंभीर आरोप लगाए हैं। पुलिस ने प्राथमिकी दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है। महिला कर्मचारी का आरोप है कि बैंक आने-जाने के दौरान आरोपी उन पर लगातार नजर रखते थे। शिकायत के अनुसार, आरोपित ने बिना उनकी अनुमति के उनका निजी मोबाइल नंबर हासिल किया और उस पर आपत्तिजनक संदेश भेजे।

महिला का कहना है कि उन्होंने अपना मोबाइल नंबर आरोपित को कभी नहीं दिया था। ऐसे में उन्होंने पुलिस से नंबर हासिल किए जाने के स्रोत की भी जांच कराने की मांग की है। शिकायत में महिला कर्मचारी ने यह भी आरोप लगाया है कि आरोपित ने उनके और उनके पति के काम से संबंधित निजी जानकारियां जुटाई हैं। पीड़िता ने इस संबंध में किसी निजी सुरक्षा एजेंसी अथवा अन्य नेटवर्क के इस्तेमाल की संभावित भूमिका की भी जांच की मांग की है।

महिला ने अपने और अपने परिवार की सुरक्षा को लेकर चिंता जताते हुए कथित आपत्तिजनक संदेशों के स्क्रीनशॉट पुलिस को उपलब्ध कराए हैं। पुलिस इन साक्ष्यों के आधार पर मामले की जांच कर रही है। सीओ आशना चौधरी ने बताया कि महिला की शिकायत के आधार पर प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है और मामले की गहनता से जांच की जा रही है। पुलिस का कहना है कि जांच में सामने आने वाले तथ्यों और साक्ष्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

-----------------

हिन्दुस्थान समाचार / महेश कुमार