home page

कानपुर मेट्रो के सभी 21 स्टेशनों को पर्यावरणीय प्लैटिनम रेटिंग मिली

 | 
कानपुर मेट्रो के सभी 21 स्टेशनों को पर्यावरणीय प्लैटिनम रेटिंग मिली


कानपुर, 01 जुलाई (हि.स.)। कानपुर मेट्रो परियोजना में पर्यावरण संरक्षण और ऊर्जा दक्षता को सर्वोच्च प्राथमिकता दी गई है, जिसका परिणाम है कि पूरे कॉरिडोर-1 के सभी स्टेशन अब पर्यावरणीय मानकों की सर्वोच्च श्रेणी प्लैटिनम रेटिंग से सम्मानित हो चुके हैं। यह बातें बुधवार को उत्तर प्रदेश मेट्रो रेल कॉर्पोरेशन के प्रबंध निदेशक सुशील कुमार ने कहीं।

कानपुर मेट्रो रेल परियोजना ने एक और बड़ी उपलब्धि हासिल की है। कॉरिडोर-1 (आईआईटी–नौबस्ता) के बारादेवी से नौबस्ता तक के सभी पांच नवनिर्मित एलिवेटेड मेट्रो स्टेशनों को पर्यावरणीय मानकों के आधार पर प्लैटिनम रेटिंग प्रदान की गई है। इसके साथ ही पूरे कॉरिडोर-1 के सभी 21 स्टेशन अब इस सर्वोच्च पर्यावरणीय मान्यता से सम्मानित हो गए हैं।

इससे पहले आईआईटी से मोतीझील तक के नौ एलिवेटेड स्टेशन तथा चुन्नीगंज से ट्रांसपोर्ट नगर तक के सात भूमिगत स्टेशन भी यह सम्मान प्राप्त कर चुके हैं। नवीन उपलब्धि के साथ पूरा कॉरिडोर-1 पूरी तरह हरित और पर्यावरण अनुकूल मेट्रो कॉरिडोर बन गया है।

यह मान्यता निर्माण, संचालन, ऊर्जा बचत और पर्यावरण संरक्षण के मानकों के विस्तृत मूल्यांकन के बाद दी गई है। परियोजना में धूल नियंत्रण, प्रदूषण में कमी, हरित क्षेत्र का विकास और जल संरक्षण जैसे उपायों पर विशेष ध्यान दिया गया है।

परिचालन व्यवस्था में ऊर्जा दक्षता के लिए एलईडी प्रकाश व्यवस्था, ऊर्जा नियंत्रित उपकरण, स्वचालित प्रणाली, वर्षा जल संचयन, आधुनिक शीतलन प्रणाली और ऊर्जा पुनर्चक्रण तकनीक का उपयोग किया गया है।

उत्तर प्रदेश मेट्रो रेल कॉर्पोरेशन के प्रबंध निदेशक सुशील कुमार ने कहा कि मेट्रो परियोजना को शुरू से ही पर्यावरण अनुकूल और ऊर्जा दक्ष बनाने पर काम किया गया है। उन्होंने कहा कि यह उपलब्धि पूरी टीम के सामूहिक प्रयास का परिणाम है और इससे कानपुर मेट्रो एक आदर्श हरित परिवहन प्रणाली के रूप में स्थापित हो रही है।

हिन्दुस्थान समाचार / रोहित कश्यप