अंडर- 9 राज्य स्तरीय शतरंज प्रतियोगिता में मुरादाबाद की आलिश्बा आजम बनीं स्टेट चैम्पियन
मुरादाबाद, 01 मई (हि.स.)। मुरादाबाद की शतरंज खिलाड़ी आलिश्बा आजम ने अंडर- 9 राज्य स्तरीय शतरंज प्रतियोगिता में सभी मुकाबले जीतकर पहला स्थान प्राप्त किया है।
जिला शतरंज स्पोर्ट्स एसोसिएशन के अध्यक्ष चंद्रकांत सरन ने बताया कि सीतापुर स्थित दिल्ली पब्लिक स्कूल में 29 व 30 अप्रैल को आयोजित प्रतियोगिता के फाइनल राउंड में आलिश्बा ने आगरा की चहक गुप्ता को हराकर खिताब अपने नाम किया। पूरे टूर्नामेंट में उन्होंने सधा हुआ आत्मविश्वास भरा खेल दिखाया। प्रतियोगिता के आधार पर शीर्ष दो खिलाड़ियों का चयन राष्ट्रीय अंडर-9 शतरंज प्रतियोगिता के लिए किया गया है। आलिश्बा अब उत्तर प्रदेश टीम का प्रतिनिधित्व करेंगी।
जिला शतरंज स्पोर्ट्स एसोसिएशन के अध्यक्ष चंद्रकांत सरन, उपाध्यक्ष कंवल प्रीत खुराना, सचिव प्रमोद बिष्ट, उपसचिव वीरेंद्र सिंह मनराल ने इसे गर्व का पल बताया। पिता आजम यूसुफ ने बताया कि आलिश्बा राष्ट्रीय प्रतियोगिता की तैयारी में जुट गई हैं।
हिन्दुस्थान समाचार / निमित कुमार जायसवाल

