जैन मंदिरों में श्रद्धा और उत्साह के साथ मनाया गया 'अक्षय तृतीया' महापर्व
प्रथम तीर्थंकर भगवान ऋषभदेव के 'इक्षु रस' (गन्ने के रस) के प्रथम आहार की स्मृति में हुआ भव्य आयोजन
लखनऊ, 19 अप्रैल (हि.स.)। उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ के समस्त दिगंबर जैन मंदिरों में रविवार को अक्षय तृतीया का पावन पर्व अत्यंत हर्षोल्लास और भक्ति भाव के साथ मनाया गया। इस विशेष अवसर पर जैन समाज की ओर से भगवान ऋषभदेव के प्रथम आहार दिवस पर गन्ने के रस (इक्षु रस) का वितरण किया गया। अखिल भारतवर्षीय दिगम्बर जैन युवा परिषद के तत्वावधान में भव्य आयोजन डालीगंज जैन मंदिर में किया गया।
कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में संयुक्त पुलिस आयुक्त (आईपीएस) अपर्णा कुमार उपस्थित रहीं। उन्होंने भगवान ऋषभदेव के चित्र पर माल्यार्पण कर दीप प्रज्ज्वलन किया, तत्पश्चात आम जनमानस को गन्ने के रस का वितरण शुरू हुआ। बिब्बो जैन ने मुख्य अतिथि का माल्यार्पण कर स्वागत किया।
कार्यक्रम का संयोजन परिषद के अध्यक्ष आदीश कुमार जैन, महामंत्री रीतेश जैन (पुस्तक वाटिका), कार्याध्यक्ष वीर कुमार जैन, मंत्री वीर कुमार जैन, राजू जैन और मीडिया प्रभारी पारस जैन एडवोकेट ने किया गया। वितरण में चारू जैन, अनंतमती बाई, रूबी जैन, स्मृति जैन, सीमा जैन, शैली जैन, रेशू जैन और मीनू जैन सहित सैकड़ों महिलाओं ने बढ़-चढ़कर अपनी सेवाएं दीं।
--अभिषेक, पूजन और शांतिधारा से महका प्रांगण
गोमती नगर स्थित जैन मंदिर में पर्व की शुरुआत भगवान ऋषभदेव के भव्य अभिषेक और विशेष शांतिधारा से हुई। श्रद्धालुओं ने भक्ति भाव से पूजन कर विश्व शांति की कामना की। शांतिधारा का सौभाग्य पी.सी. जैन एवं डॉ. सारांश जैन परिवार को प्राप्त हुआ।
मंदिर के मंत्री आलोक जैन ने अक्षय तृतीया के महत्व पर प्रकाश डालते हुए बताया कि आज ही के दिन प्रथम तीर्थंकर भगवान ऋषभदेव ने 13 महीने की कठिन तपस्या के बाद राजा श्रेयांश के यहाँ गन्ने के रस का आहार ग्रहण किया था। इसी पावन तिथि से युग में 'दान परम्परा' (तीर्थ) का आरम्भ हुआ। उन्होंने बताया कि जैन धर्म में आहार दान, औषधि दान, अभय दान और ज्ञान दान को सर्वश्रेष्ठ माना गया है।
इस अवसर पर डॉ. सारांश एवं डॉ. तनुप्रिया जैन परिवार द्वारा श्रद्धालुओं को इक्षु रस वितरित किया गया। कार्यक्रम में संदीप जैन, रचित, अमित, विनय कपूर, जय कुमार, प्रकाश चंद, राकेश और दीपक सहित बड़ी संख्या में समाज के लोग उपस्थित रहे।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / मोहित वर्मा

