सहारनपुर मस्जिद ध्वस्तीकरण पर अखिलेश बोले- 12 घंटे में कार्रवाई से न्याय कैसे मिलेगा?
लखनऊ/औरैया, 06 सितंबर (हि.स.)। समाजवादी पार्टी (सपा) के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने सहारनपुर में मस्जिद ध्वस्तीकरण को लेकर भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) सरकार पर तीखा हमला बोला। उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार संविधान और कानून से नहीं चल रही है। यदि किसी पक्ष को हाईकोर्ट या सुप्रीम कोर्ट जाने का मौका दिए बिना 12 घंटे में कार्रवाई कर दी जाएगी तो न्याय कैसे मिलेगा?
अखिलेश यादव रविवार को औरैया जनपद के बिधूना में एक दिवसीय दौरे पर पहुंचे थे। उन्होंने यहां पत्रकारों से बातचीत में कहा कि मस्जिद गिराने की इतनी जल्दी क्या थी। प्रशासन की कार्रवाई से लोग दुखी हैं और यही लोग मिलकर भाजपा को हटाने का काम करेंगे। उन्होंने भाजपा पर साम्प्रदायिक सौहार्द बिगाड़ने का आरोप लगाते हुए कहा कि सच्चा सनातनी कभी दूसरे धर्म का अपमान नहीं कर सकता। हमारी परंपरा ‘वसुधैव कुटुम्बकम’ की रही है।
अखिलेश ने प्रदेश की कानून-व्यवस्था, बेरोजगारी और महंगाई को लेकर भी सरकार को घेरा। उन्होंने कहा कि नौकरी और रोजगार नहीं मिल रहे, पेट्रोल-डीजल महंगा है, सड़कें गड्ढों में तब्दील हैं और एक्सप्रेस-वे टूट रहे हैं। भ्रष्टाचार और कमीशनखोरी चरम पर है। उन्होंने सरकार के जीडीपी आंकड़ों पर भी सवाल उठाते हुए कहा कि यदि हालात इतने खराब हैं तो लगता है जीडीपी शून्य है।
महिला सुरक्षा को लेकर उन्होंने आरोप लगाया कि बेटियों के साथ घटनाएं बढ़ी हैं और कई मामलों में पुलिस की भूमिका भी सवालों के घेरे में है। कन्नौज के तालग्राम में 26 किलो सोना पकड़े जाने का जिक्र करते हुए उन्होंने कहा कि बरामदगी की पूरी जानकारी सामने नहीं लाई गई।
भाजपा प्रदेश प्रभारी विनोद तावड़े को लेकर पूछे गए सवाल पर अखिलेश ने ‘फोर एम’ का जिक्र करते हुए भाजपा पर पराया धन अपना बनाने का आरोप लगाया। उन्होंने यह भी दावा किया कि कई राजनीतिक दलों के खातों में करोड़ों रुपये आने की खबरें हैं।
अखिलेश ने दावा किया कि उत्तर प्रदेश में सपा गठबंधन की सरकार बनने जा रही है और भाजपा सरकार के अब सौ दिन से अधिक नहीं बचे हैं। एआई के इस्तेमाल पर उन्होंने कहा कि भाजपा गंदगी फैलाने के लिए एआई का इस्तेमाल करेगी तो सपा भी उसी माध्यम से जवाब देगी। एआई अच्छाई के लिए होना चाहिए, बुराई के लिए नहीं।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / मोहित वर्मा

