भाजपा महंगाई, बेरोजगारी और जनसमस्याओं के मुद्दों को पीछे कर जनता को उलझाना चाहती है : अखिलेश यादव महंगाई, बेरोजगारी और जनसमस्याओं के मुद्दों को पीछे कर जनता को उलझा रही : अखिलेश यादव
लखनऊ, 24 अगस्त (हि.स.)। समाजवादी पार्टी (सपा) के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने कहा कि सभी राजनीतिक दल चुनाव की तैयारी कर रहे हैं, लेकिन चुनाव समाजवादी पार्टी और भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के बीच ही होगा। जनता अब भाजपा सरकार को हटाना चाहती है। उन्होंने कहा कि भाजपा जनता को असली मुद्दों से भटकाना चाहती है। वंदे मातरम् के मुद्दे में लोगों को उलझाकर भाजपा महंगाई, बेरोजगारी और जनसमस्याओं जैसे मुद्दों को पीछे करना चाहती है। भाजपा जनता को उलझाना चाहती है।
सपा अध्यक्ष सोमवार को पार्टी के राज्य मुख्यालय लखनऊ में प्रदेश के विभिन्न जिलों से आये नेताओं एवं कार्यकर्ताओं को सम्बोधित कर रहे थे। उन्होंने कहा कि महंगाई लगातार बढ़ रही है। भाजपा सरकार ने त्योहार में मंहगाई और बढ़ा दी है। अपने लोगों को मुनाफा कराने के लिए चीनी महंगी कर दी। भाजपा को जनता की चिंता नहीं है, बल्कि उद्योगपतियों को मुनाफा दिलाना है। उन्होंने कहा कि पहले बोरी में खाद चोरी हो रही थी, अब पूरी बोरी ही गायब हो गई है।
अखिलेश यादव ने कहा कि लखनऊ में पशु पालकों के साथ अमानवीय व्यवहार एवं शोषण हो रहा है। लखनऊ के बुद्धेश्वर में नगर निगम ने पशुपालकों की 350 भैंसे जब्त कर ली है। भैंस पालने वालों को परेशान किया जा रहा है। प्रशासन अपनी नाकामी छुपाने के लिए डेयरी संचालकों का उत्पीड़न कर रहा है। सरकार इस अन्याय को बद करें।
उन्होंने कहा कि भाजपा वाले अपनी सीटें तक नहीं बांट पा रहे थे, इसलिए उनकी सीटें मैंने बांट दीं। भाजपा सरकार के विकास कार्यों पर सवाल उठाते हुए कहा कि गोरखपुर एक्सप्रेस-वे सात हजार करोड़ रुपये में बनाया गया। वह जगह-जगह उखड़ गयी। इसी तरह से गंगा एक्सप्रेस-वे ढह गया और लखनऊ-कानपुर एक्सप्रेस-वे भी फिर धंस गया। उन्होंने कहा कि जिस तरह की सड़कें बनाई जा रही हैं, उससे विकास के दावों पर सवाल खड़े होते हैं।
सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव ने कहा कि भाजपा ने शिक्षा व्यवस्था को बर्बाद कर दिया। आज विद्यालयों की हालत क्या हो गई है? हम चाहते हैं कि बच्चों को गर्म खाना मिले। समाजवादी पार्टी की सरकार में जो बर्तन खरीदे गए थे, वही आज भी चल रहे हैं। दस साल पुराने गिलास अभी भी इस्तेमाल हो रहे हैं। सरकार को बच्चों की शिक्षा और उनकी सुविधाओं पर ध्यान देना चाहिए।
अखिलेश यादव ने प्रभु श्रीराम के धन की चोरी करने की बात कही। उन्होंने कहा कि जनता भाजपा की नीतियों और कार्यप्रणाली से परेशान है और अब भाजपा को हटाना चाहती है। आने वाले चुनाव में जनता इसका जवाब देगी।
सपा अध्यक्ष ने कहा कि आरक्षण था, आरक्षण है और आरक्षण आगे भी रहेगा।इस अवसर पर लखनऊ के बुद्धेश्वर में डेयरी संचालकों ने अपनी मांगों को लेकर अखिलेश यादव से मुलाकात की और अपनी समस्याओं से अवगत कराया। श्री अखिलेश यादव ने पीड़ित पशु पालकों की हर संभव मदद करने का आष्वासन दिया।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / मोहित वर्मा

