home page

भाजपा सरकार में व्यापारी हो रहा तबाह : अखिलेश यादव

 | 
भाजपा सरकार में व्यापारी हो रहा तबाह : अखिलेश यादव


भाजपा सरकार में व्यापारी हो रहा तबाह : अखिलेश यादव


सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव ने स्वर्णकार समाज के साथ व्यापारिक समस्याओं पर की चर्चा

लखनऊ, 16 मई (हि.स.)। समाजवादी पार्टी (सपा) के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने कहा है कि भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) सरकार में व्यापारी तबाह हो गया है। पुलिस-प्रशासन व्यापारियों को फर्जी केसों में फंसा देती है। प्रदेश में हर दिन 10-15 व्यापारी पुलिस उगाही के शिकार हो रहे हैं। उन पर झूठे मुकदमें लगाये जा रहे हैं। व्यापारी समाज सबसे ज्यादा राजस्व देता है, फिर भी व्यापारियों से लूट हो रही है, उन्हें तंग किया जा रहा है।

समाजवादी पार्टी के राजधानी लखनऊ स्थित प्रदेश मुख्यालय में शनिवार स्वर्णकार समाज के प्रतिनिधियों को सम्बोधित करते हुए अखिलेश यादव ने कहा कि भाजपा सरकार ने सर्राफा व्यापारियों की मुश्किलों को बढ़ा दिया है। सोने को लेकर भाजपा सरकार का फरमान ठीक नहीं है। भाजपा सरकार और प्रधानमंत्री भ्रमित हैं। लोगों के पास पैसा है ही नहीं तो अर्थव्यवस्था कैसे अच्छी होगी? कुछ ही लोगों के पास पैसा है, बाकी लोगों का हाथ खाली है।

अखिलेश यादव ने कहा कि भाजपा सरकार ने जानबूझकर संकट पैदा किया है। सरकार के फैसले से जेवर कारोबार का क्या होगा? लगातार बढ़ती मंहगाई भाजपा की देन है। भारत की अर्थव्यवस्था में स्वर्णकार समाज का अहम योगदान है। समाजवादी पार्टी स्वर्णकार समाज के साथ है। स्वर्णकार समाज पीड़ित है। स्वर्णकार समाज पीडीए (पिछड़ा, दलित, अल्पसंख्यक) है। सपा पीड़ितों के साथ है।

सपा अध्यक्ष ने कहा कि भाजपा देश की अर्थव्यवस्था को केन्द्रीयकृत कर रही है। इस सरकार में भ्रष्टाचार चरम पर है। समाजवादी पार्टी की सरकार में स्वर्णकार बोर्ड बनाया जाएगा। स्वर्णकारों के लिए डिजायन विश्वविद्यालय होगा। संत नरहरि दास महाराज की प्रतिमा गोमती रिवरफ्रंट पर लगाई जाएगी।

अखिलेश यादव ने कहा कि 2027 में समाजवादी पार्टी की सरकार बनने पर हम किसी के साथ अन्याय नहीं होने देंगे। सबकी सुरक्षा करेंगे। सबको न्याय देंगे। प्रदेश में अमन-चैन होगा, सब सुरक्षित रहेंगे।

इस अवसर पर स्वर्णकार समाज के प्रतिनिधियों ने कहा कि भाजपा सत्ता का दुरुपयोग करती है। ईडी, सीबीआई, इनकम टैक्स की धमकी देती है। स्वर्णकार समाज का भरोसा अखिलेश यादव पर हैं। समाजवादी सरकार में स्वर्णकार समाज के पूर्वजों का सम्मान किया है। भाजपा ने कभी भी स्वर्णकार समाज के पूर्वजों को सम्मान नहीं करती है। भाजपा धोखा देती है, भाजपा की चाल से सावधान रहना है। भाजपा सरकार में सुरक्षा की कोई गारंटी नहीं है। स्वर्णकार समाज पीडीए का घटक हैं। स्वर्णकारों को समाजवादी पार्टी से ही उम्मीद है। समाजवादी पार्टी की सरकार में कोई वसूली नहीं कर पायेगा।

स्वर्णकार समाज ने कहा कि 2022 में समाजवादी पार्टी की सरकार बनने में थोड़ी सी कसर रह गयी लेकिन इस बार 2027 में कोई कसर नहीं होगी। स्वर्णकार समाज समाजवादी पार्टी की सरकार बनाकर ही दम लेगा। भविष्य साइकिल का है। स्वर्णकार समाज पूरी जिम्मेदारी से अखिलेश यादव को मुख्यमंत्री बनाने के लिए संकल्पित है। सुनार समाज का हित समाजवादी पार्टी में सुरक्षित रहता है। अखिलेश यादव की कथनी करनी में अंतर नहीं है।

इस अवसर पर राम भुआल निषाद सांसद, प्रदेश अध्यक्ष श्याम लाल पाल, पूर्व कैबिनेट मंत्री राजेन्द्र चौधरी तथा अम्बिका चौधरी, कनकलता सिंह पूर्व सांसद राज्यसभा, फरीद महमूद किदवई विधायक सदर, इमाम पीलीभीत मौ. इसरार चौधरी, मौलाना इकबाल, शयान अली सहित स्वर्णकार समाज लखनऊ के पूर्व मंत्री कमलेश यादव, उप्र आदर्श व्यापार एसोसिएशन के प्रदेश अध्यक्ष राजेश सोनी और मनीष वर्मा, कमलेश रस्तोगी, पंकज वर्मा, आकाश अग्रवाल, आशीष रस्तोगी, राजकुमार रावत, वेदराज वंशी, शैलेन्द्र यादव, कृष्ण कुमार सोनी, पंकज निगम, पंकज कुमार, जगतपाल नीरज कुमार, देवेन्द्र, प्रताप सिंह, गौरव वर्मा आदि की उपस्थिति उल्लेखनीय रही।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / मोहित वर्मा