home page

यूपी में सपा की सरकार बनने पर महाराणा प्रताप जयंती पर देंगे दो दिन का अवकाश : अखिलेश यादव

 | 
यूपी में सपा की सरकार बनने पर महाराणा प्रताप जयंती पर देंगे दो दिन का अवकाश : अखिलेश यादव


लखनऊ, 09 मई (हि.स.)। समाजवादी पार्टी (सपा) की सरकार बनने पर महाराणा प्रताप जयंती पर दो दिन का सार्वजनिक अवकाश घोषित किया जाएगा। ये बयान शनिवार को सपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने लखनऊ स्थित पार्टी मुख्यालय में पत्रकारों को संबोधित करते हुए कही है।

उन्होंने कहा कि सरकार आने पर रिवर फ्रंट पर महाराणा प्रताप की चेतक घोड़े के साथ भव्य प्रतिमा स्थापित कराई जाएगी, जिसमें सोने का भाला भी लगाया जाएगा। सपा अध्यक्ष ने आगे कहा कि हमारी पार्टी ने हमेशा सभी वर्गों और समाज को साथ लेकर काम किया है और कभी किसी के साथ भेदभाव नहीं किया। इसी को आगे बढ़ाते हुए हम लोग सभी वर्ग और समाज को एकजुट होकर प्रदेश में होने वाले 2027 के विधान चुनाव में सपा की सरकार बनाने की अपील कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि समाजवादी पार्टी की नीतियां हमेशा जनता के हित में रही हैं और आगे भी गरीब, किसान, नौजवान और आम लोगों के लिए काम किया जाएगा।

इस दौरान अखिलेश यादव ने प्रदेश की भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) सरकार पर रोजगार, महंगाई, भ्रष्टाचार और गरीब विरोधी बताते हुए निशाना साधा। उन्होंने कहा कि हम सब लोगों को मल्टी लेयर इलेक्शन माफिया का मुक़ाबला करना पड़ेगा। अखिलेश यादव के उक्त बयान के बाद प्रदेश की राजनीति में एक बार फिर हलचल तेज हो गई है। राजनीतिक जानकार इसे उत्तर प्रदेश में 2027 में होने वाले चुनाव को लेकर सपा की रणनीति में पीडीए (पिछड़ा, दलित, अल्पसंख्यक) के साथ आगे बढ़ते हुए पश्चिम बंगाल समेत कई राज्यों में हाल ही में सम्पन्न चुनावी नतीजों के बाद बदले राजनीतिक फैक्टर से जोड़कर देख रही है। इस दौरान सपा के मुख्य प्रवक्ता राजेंद्र यादव, प्रदेश अध्यक्ष श्यामलाल पाल, जूही सिंह, अनुराग भदौरिया समेत पार्टी के विधायक एवं कार्यकर्ता मौजूद रहे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / मोहित वर्मा