जनता का विरोध प्रीपेड मीटर की भ्रष्टाचारी व्यवस्था पर पड़ा भारी : अखिलेश यादव
लखनऊ, 05 मई (हि.स.)। समाजवादी पार्टी (सपा) के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने उत्तर प्रदेश में स्मार्ट प्रीपेड मीटर लगाने की योजना पर रोक लगाए जाने को जनता की जीत बताया है। वहीं, भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) सरकार और विद्युत विभाग को प्रीपेड मीटर के जरिए बिजली उपभोक्ताओं से वसूले गए बिल को समायोजित करने की बात कही है।
अखिलेश यादव ने अपने आधिकारिक सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर मंगलवार को स्मार्ट प्रीपेड मीटर और बिल वसूली को लेकर भाजपा सरकार और विद्युत विभाग को घेरा। उन्होंने अपनी पोस्ट में लिखा कि प्रीपेड मीटर की भ्रष्टाचारी व्यवस्था का हम सबका विरोध आख़िरकार दंभी सरकार को झुक गया है। ये जनशक्ति की जीत है। प्रदेश की जागरूक जनता भाजपा का अत्याचार और भ्रष्टाचार और नहीं सहेगी। प्रीपेड मीटर के बहाने जो बढ़े बिल से जनता से वसूले गये हैं, उनका तार्किक समायोजन अगले बिलों में किया जाए।
सपा अध्यक्ष ने लिखा कि जब एआई का प्रयोग वोटर लिस्ट से नाम काटने में हो सकता है तो लॉजिकल एडजेस्टमेंट के लिए क्यों नहीं। बिजली के बिल से जो पैसा जनता से लिया गया है, वो भाजपा की लूट का माल है, जो जनता को लौटाना ही पड़ेगा। नहीं तो हम सब मिलकर एक और नया आंदोलन करेंगे।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / मोहित वर्मा

