home page

भाजपा झूठी पार्टी, संसद में पास महिला आरक्षण बिल नहीं कर रही लागू : अखिलेश यादव

 | 
भाजपा झूठी पार्टी, संसद में पास महिला आरक्षण बिल नहीं कर रही लागू : अखिलेश यादव


लखनऊ, 30 अप्रैल (हि.स.)। समाजवादी पार्टी (सपा) के राष्ट्रीय अध्यक्ष और पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने कहा है कि भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) झूठी पार्टी है। जनता भाजपा का चाल और चरित्र जान चुकी है। महिला आरक्षण बिल 2023 में संसद में पास होकर कानून बन चुका है। महिला आरक्षण बिल का सभी दलों ने समर्थन किया था। भाजपा अब झूठा प्रचार कर रही हैं भाजपा के लोग गिरगिट की तरह रंग बदलते हैं। जब देश में महिला आरक्षण लागू है तो भाजपा सरकार क्यों नहीं दे रही है। देश की जनता और महिलाएं सब समझती है। 2027 में जनता भाजपा को हटाएगी।

यह बातें अखिलेश यादव ने गुरूवार को हरदोई के एक दिवसीय दौरे से लौटते समय मीडिया से बात करते हुए कही। उन्होंने कहा कि जबसे भाजपा सरकार आयी है महिलाएं और बेटियों के साथ घटनाएं बढ़ती जा रही है। देश में महिलाओं के साथ सबसे ज्यादा अपराध उत्तर प्रदेश में हो रहा है। भाजपा पुलिस से राजनीतिक काम कराती है। पुलिस भाजपा के इशारे पर काम करती है। इसीलिए थानों में न्याय नहीं मिल रहा है। पीड़ित वरिष्ठ अधिकारियों से मिलते है तो वहां भी न्याय नहीं मिलता है।

सपा अध्यक्ष ने कहा कि हरदोई की कुशवाहा समाज की बेटी ने न्याय के लिए हर पोर्टल पर शिकायत की। सभी अधिकारियों से शिकायत की उसके बाद भी बेटी को घर पर बेरहमी से मार दिया गया। इसी तरह की घटना गाजीपुर में विश्वकर्मा बेटी के साथ हुआ। उस परिवार को न्याय नहीं मिला। परिवार को शंका है बलात्कार हुआ है लेकिन सरकार नहीं स्वीकार कर रही है। इसी तरह से प्रतापगढ़ में मौर्या बेटी के साथ घटना हुई। उत्तर प्रदेश में ये सब इसलिए हो रहा है क्योंकि मुख्यमंत्री आंख बंद किए बैठे हैं। बेटियों के साथ घटनाएं करने वाले वर्चस्ववादी लोग हैं।

यादव ने कहा कि भाजपा के पदाधिकारियों का आचरण जनता देख रही है। महोबा में भाजपा के पदाधिकारी ने क्या कहा सब लोग जानते हैं। ये कोई पहली घटना नहीं ऐसी तमाम घटनाएं है। भाजपा महिला विरोधी है। भाजपा के लोगों का आचरण हमेशा महिला विरोधी रहा है।

विधानसभा चुनाव में भाजपा के दावों को लेकर अखिलेश यादव ने कहा कि भाजपा ने अयोध्या से चार सौ पार का नारा दिया था और अयोध्या में ही हार गयी। अयोध्या की हार सामान्य हार नहीं भाजपा की कम्युनल पॉलिटिक्स, बांटने की राजनीति, नकारात्मक राजनीति की हार है। भाजपा पांच राज्यों के विधानसभा चुनाव में हारेगी। यूपी विधानसभा में मुख्यमंत्री ने समाजवादी पार्टी पर लगाए गए आरोपों पर यादव ने कहा कि मुख्यमंत्री कुछ का कुछ बोलते हैं। वे चीजों को इधर का उधर मिलाकर बोल देते है। उन्हें कुछ पता नहीं है।

अखिलेश यादव ने कहा कि भाजपा उद्योगपतियों के इशारे पर काम कर रही है। उन्हीं उद्योगपतियों के इशारे पर भाजपा ईडी, सीबीआई और इनकम टैक्स से काम लेती है। इसके कई उदाहरण है। भाजपा ने उत्तर प्रदेश में रामपुर उपचुनाव में वोट लूटा है। भाजपा जानती है कि प्राईवेट ड्रेस में वोट लूटने वाले पकड़े जाएंगे। इसीलिए चुनाव आयोग के माध्यम से सीसीटीवी बैन करा दिया। भाजपा ने बंगाल में लोकतंत्र की हत्या की है। भाजपा ने बंगाल में जो किया है उससे खतरनाक प्रैक्टिस यूपी और अन्य राज्यों में करेंगे। पता चला है कि बंगाल प्रशासन के बराबर में केन्द्रीय बलों के अधिकारियों को तैनात किया गया था। कप्तान के बराबर में कप्तान, डीआईजी के बराबर में डीआईजी और डीजीपी के बराबर में डीजीपी बनाए थे। लाखों की संख्या में केन्द्रीय बल लगाया गया था। भाजपा बंगाल में वोट लूटना चाहती है।

यादव ने कहा कि यूपी की 95 फीसदी जनता भाजपा को हराना चाहती है। जनता जानती है कि भाजपा धोखेबाज है। उन्होंने कहा कि देश को ग्रीन फील्ड एक्सप्रेस-वे बनाने का विजन दिया। आगरा-लखनऊ एक्सप्रेस-वे आज भी हर मामले में देश का सर्वश्रेष्ठ एक्सप्रेस-वे है। प्रधानमंत्री आधे अधूरे एक्सप्रेस-वे का उद्घाटन करते हैं। भाजपा के लोग हवा में उड़ते है और बात गड्ढ़ों की करते है। इन्होंने समाज में गड्ढे ही गड्ढे बनाएं हैं।

समाजवादी पार्टी सौहार्द और भाईचारा के लिए काम करती है। समाजवादी सरकार ने यूपी में विकास का विजन दिया है। प्रधानमंत्री अगर कभी आगरा-लखनऊ एक्सप्रेस-वे पर चले होते तो उन्हें पता चलता कि समाजवादियों का बनाया एक्सप्रेस-वे क्या है और उनका बनाया एक्सप्रेस-वे क्या है।

----------

हिन्दुस्थान समाचार / मोहित वर्मा