बिना आधी आबादी के हम देश को तरक्की के रास्ते पर नहीं ले जा सकते : अखिलेश यादव
सपा ने मूर्ति देवी-मालती देवी महिला सम्मान समारोह आयोजित किया
लखनऊ, 22 मार्च (हि.स.)। समाजवादी पार्टी (सपा) के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने कहा कि अगर स्त्रियों की स्थिति की जानकारी हो जाए तो पूरे समाज की स्थिति पता चल जाती है। भारत में महिलाओं की बहुत खराब स्थिति है। अखिलेश रविवार को लखनऊ स्थित पार्टी के प्रदेश मुख्यालय में आयोजित 'मूर्ति देवी-मालती देवी महिला सम्मान समारोह' को संबोधित कर रहे थे।
कार्यक्रम में अलग-अलग क्षेत्रों में समाजिक एवं उत्कृष्ठ कार्य करने वाली महिलाओं को 'मूर्ति देवी-मालती देवी महिला सम्मान' प्रदान कर उनकी प्रशंसा की गई।
सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव ने कहा कि अगर ये कैमरे अपनी जिम्मेदारी निभाने लगे तो अपने आप सत्ता परिवर्तन हो जाएगा। उन्होंने कहा कि इस सरकार में जहां बोलने, लिखने या आंदोलन करने पर पाबंदी है, लेकिन जब लोग बूथ पर जाएंगे तो इस सरकार का पता नहीं चलेगा।
उन्होंने कहा कि डायल 100 में कॉल रिसीव करने के लिए उस समय (सपा सरकार) हम लोगों ने पुरुषों को नहीं महिलाओं को रखा था, क्योंकि वो दुख और तकलीफ समझतीं हैं। आने वाले समय में हम लोग रानी लक्ष्मी जी के नाम पर योजना शुरू कर के महिलाओं को सम्मान देने का काम करेंगे।
अखिलेश ने कहा कि भविष्य में जब हमारी सरकार बनेगी तो नारी समृद्धि सम्मान योजना शुरू करने का काम करेंगे, जिसमें महिलाओं को 40 हजार रुपया साल का देने का काम करेंगे। उन्होंने कहा कि बिना आधी आबादी के हम देश को तरक्की के रास्ते पर नहीं ले जा सकते, इसलिए महिलाओं को आगे बढ़ाना जरूरी है।
जीरो टॉलरेंस नीति पर सवाल उठते हुए अखिलेश यादव ने गोरखपुर में हुए एक हत्याकांड का जिक्र किया। उन्होंने कहा कि गोरखपुर में तो लॉ एंड ऑर्डर की ही हत्या हो गई है। जनता से अपील है कि इस सरकार को हटाए बिना लॉ एंड ऑर्डर बेहतर नहीं हो सकता।
सपा अध्यक्ष ने कहा कि सुना है कि जल्द ही यूपी सरकार में मंत्रिमंडल विस्तार होने जा रहा है। उन्होंने ने तंज कसते हुए कहा कि असली विस्तार सरकार का और विकास का होगा 27 में, इनका (भाजपा) विस्तार तो रूठों को मनाने वाला है।
लखनऊ में विकास और अन्य कामों को लेकर कहा कि देश के रक्षा मंत्री तो अच्छा काम करना चाहते होंगे, लेकिन मुख्यमंत्री जी ने ग्रीन कॉरिडोर नहीं, बर्बाद कॉरिडोर बनाया है। पीडेस्ट्रियन को चलने की जगह ही नहीं है, ये मानक के खिलाफ सड़क डिजाइन हुई है।
अखिलेश ने पश्चिम बंगाल चुनाव को लेकर किए सवाल पर कहा कि जनता ममता को ऐतिहासिक वोटों से विजयी बनाकर वहां की जनता फिर मुख्यमंत्री बनाने जा रही है।
गैस की किल्लत को लेकर पूछे गए सवाल के जवाब में कहा कि कल (बीते हुए शनिवार) को उन्हें पता चला कि झांसी में जो ट्रक गायब हुआ था सिलेंडर का वो बीजेपी के लोगों ने गायब किया था।
वहीं धुरंधर मूवी को लेकर भी अखिलेश ने भाजपा पर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि पैसे देकर फिल्में बना रहे हैं आप लोग (भाजपा) दूसरे दलों को बदनाम करने के लिए, मुझे लगता है इनपर ज्यादा पैसा पहुंच गया है।
बेटियों की सुरक्षा के बिना समाज नहीं बढ़ सकता आगे
मैनपुरी संसदीय सीट से सांसद डिंपल यादव ने महिलाओं के साथ होने वाली घटनाओं पर गहरी चिंता व्यक्त की। जब किसी देश की महिलाएं आगे बढ़ती हैं, तो देश आगे बढ़ता है। लेकिन, आज उल्टा हो रहा है। महिलाओं के साथ गलत भी हो रहा है और घटनाओं को दबाया भी जा रहा है। उक्त बात का डिंपल यादव ने उत्तराखंड राज्य में हुए अंकिता भंडारी केस को लेकर बेटियों के प्रति अत्याचार को बयां किया। उन्होंने कहा कि जिस तरह उत्तराखंड की बेटी अंकिता भंडारी के साथ हुआ, मैं उस कांड को सुनकर इतना दुखी थी। जिस समाज में हमारी बेटियां सुरक्षित नहीं वो कैसे आगे बढ़ सकता है। उन्होंने महिलाओं को अपने दम पर आगे बढ़ने की बात कहते हुए हौसला दिया।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / मोहित वर्मा

