home page

सनातन धर्म से दूरी बनाकर विपक्षी दल तुष्टिकरण की राजनीति कर रहे : प्रकाश पाल

 | 
सनातन धर्म से दूरी बनाकर विपक्षी दल तुष्टिकरण की राजनीति कर रहे : प्रकाश पाल


कानपुर, 16 अक्टूबर (हि.स.)। शारदीय नवरात्र में देवी मंदिरों में दर्शन करने नहीं पहुंचने पर भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के राज्यसभा सांसद प्रकाश पाल ने समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव और कांग्रेस नेता राहुल गांधी पर निशाना साधा। उन्होंने विपक्षी नेताओं पर सनातन धर्म से दूरी बनाने और तुष्टिकरण की राजनीति करने का आरोप लगाया।

प्रकाश पाल ने शुक्रवार को कहा कि शारदीय नवरात्र में देशभर के देवी मंदिरों में श्रद्धालु दर्शन-पूजन कर रहे हैं। पूरा सनातन समाज श्रद्धा और उत्साह के साथ मां दुर्गा की आराधना में जुटा है, लेकिन विपक्षी गठबंधन के प्रमुख नेता देवी मंदिरों में दिखाई नहीं दे रहे हैं। उन्होंने कहा कि अखिलेश यादव भी अब तक उत्तर प्रदेश के किसी देवी मंदिर में दर्शन करते नजर नहीं आए हैं।

सपा प्रमुख पर निशाना साधते हुए प्रकाश पाल ने आरोप लगाया कि विपक्षी दल सनातन धर्म से दूरी बनाकर तुष्टिकरण की राजनीति कर रहे हैं। उन्होंने अखिलेश यादव की पत्नी से जुड़े विवादित प्रसंग का उल्लेख करते हुए कहा कि वह उन्हें दिल्ली की मस्जिद में ले जा सकते हैं, लेकिन सम्मान के साथ देवी मंदिर में दर्शन करने से परहेज करते हैं। उन्होंने कहा कि सनातन समाज विपक्ष के इस रवैये को देख रहा है।

वहीं, कांग्रेस नेता राहुल गांधी के शक्ति संबंधी पुराने बयान पर भी प्रकाश पाल ने पलटवार किया। उन्होंने कहा कि सनातन धर्म में शक्ति का स्वरूप देवी शक्ति और नारी शक्ति है। पौराणिक कथाओं में महिषासुर और चंड-मुंड जैसे असुर भी देवी शक्ति को पराजित नहीं कर सके। ऐसे में राजनीतिक दलों की ओर से शक्ति को समाप्त करने की बात करना निरर्थक है। उन्होंने कहा कि शक्ति की महिमा सदैव बनी रहेगी और अहंकार पर शक्ति भारी पड़ेगी।---------------------

हिन्दुस्थान समाचार / रोहित कश्यप