home page

आकाश आनंद हाथरस के सादाबाद से चुनाव अभियान का शंखनाद करेंगे

 | 
आकाश आनंद हाथरस के सादाबाद से चुनाव अभियान का शंखनाद करेंगे


हाथरस, 29 जुलाई (हि.स.)। उत्तर प्रदेश में आगामी विधानसभा चुनाव काे ध्यान में रखते हुए बहुजन समाज पार्टी (बसपा) ने अपनी संगठनात्मक गतिविधियां तेज कर दी हैं। इसी क्रम में स्थित शेरपुर में पार्टी कार्यालय पर बुधवार काे बैठक आयोजित की गई। बैठक में पूर्व राज्यसभा सांसद मुनकाद अली मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। उन्होंने कार्यकर्ताओं और पदाधिकारियों से चुनावी तैयारियों में पूरी ताकत के साथ जुटने का आह्वान किया। यह भी बताया कि पार्टी के राष्ट्रीय संयोजक आकाश आनंद आकाश आनंद सादाबाद से चुनाव अभियान का शंखनाद करेंगे।

मुनकाद अली ने दावा किया कि 10 अगस्त को सादाबाद में होने वाले विशाल सम्मेलन में आकाश आनंद शामिल होंगे। आकाश आनंद हाथरस से चुनावी अभियान का शंखनाद करेंगे। सम्मेलन को संबोधित करते हुए मुनकाद अली ने स्पष्ट किया कि इस बार बहुजन समाज पार्टी उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव अपने दम पर लड़ेगी और किसी भी दल से गठबंधन नहीं करेगी।

उन्होंने प्रत्येक कार्यकर्ता से अपने बूथ को मजबूत करने और अधिक से अधिक मतदाताओं तक पहुंचने का आग्रह किया। बैठक में 10 अगस्त को सादाबाद में प्रस्तावित विशाल कार्यकर्ता सम्मेलन की तैयारियों की विस्तृत समीक्षा की गई। कार्यक्रम को सफल बनाने के लिए पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं के बीच जिम्मेदारियां बांटी गईं। गांव-गांव जनसंपर्क अभियान चलाने और पार्टी की नीतियों को आमजन तक पहुंचाने की रणनीति पर भी चर्चा हुई।

वरिष्ठ बसपा नेता डॉ. अविन शर्मा ने बताया कि राष्ट्रीय अध्यक्ष मायावती के निर्देशानुसार आयोजित होने वाले इस सम्मेलन में बड़ी संख्या में कार्यकर्ताओं की भागीदारी सुनिश्चित की जाएगी। उन्होंने उम्मीद जताई कि आकाश आनंद पश्चिमी उत्तर प्रदेश में चुनावी अभियान की शुरुआत करेंगे। बैठक में मौजूद कार्यकर्ताओं ने सम्मेलन को ऐतिहासिक बनाने का संकल्प लिया और संगठन को बूथ स्तर तक मजबूत करने का भरोसा दिलाया। नेताओं ने आगामी चुनावों में बसपा को मजबूत स्थिति में पहुंचाने के लिए कार्यकर्ताओं की सक्रिय भूमिका को महत्वपूर्ण बताया।

------------------

हिन्दुस्थान समाचार / मदन मोहन राना