अजय राय हत्याकांड में वादी की अदालत में जिरह, भारी सुरक्षा के बीच पेश हुए संजय राय
जौनपुर, 02 सितंबर (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के जौनपुर जिले में वर्ष 2003 के बहुचर्चित अजय राय हत्याकांड में बुधवार को मुकदमे की सुनवाई के दौरान वादी संजय राय भारी सुरक्षा व्यवस्था के बीच अदालत में पेश हुए। एडीजे-षष्ठम सुरेंद्र यादव की अदालत में वादी से मुकदमे से संबंधित बिंदुओं पर जिरह की गई। अदालत में हुई कार्रवाई के बाद अगली सुनवाई के लिए 15 सितंबर की तारीख निर्धारित की गई है।
अधिवक्ता राकेश सिंह ने बताया कि मामला आजमगढ़ के लालगंज के तत्कालीन ब्लॉक ज्येष्ठ प्रमुख अजय राय की हत्या से जुड़ा है। दो नवंबर 2003 को जौनपुर क्षेत्र में अजय राय की गोली मारकर हत्या कर दी गई थी। घटना के बाद यह मामला काफी चर्चित हुआ था। अभियोजन के अनुसार, वारदात में कार्बाइन और पिस्टल जैसे हथियारों का इस्तेमाल किए जाने की बात सामने आई थी।
बुधवार को सुनवाई के दौरान वादी संजय राय के साथ उनके अधिवक्ता अवधेश सिंह, राजेश सिंह, राकेश सिंह और संजय सिंह समेत अन्य समर्थक मौजूद रहे। सुरक्षा के मद्देनजर अदालत परिसर में पुलिस बल की तैनाती रही। मामले में कई चर्चित अपराधियों को अभियुक्त बनाया गया है। मुकदमे की सुनवाई लंबे समय से न्यायालय में चल रही है। ऐसे में वादी संजय राय की जिरह को मामले की सुनवाई की दृष्टि से महत्वपूर्ण माना जा रहा है।
अदालत में बुधवार को हुई कार्रवाई के बाद अगली सुनवाई के लिए 15 सितंबर की तारीख तय की गई है। अब सभी की नजरें इस बहुचर्चित हत्याकांड की आगामी न्यायिक कार्रवाई पर टिकी हैं।-------------------
हिन्दुस्थान समाचार / विश्व प्रकाश श्रीवास्तव

