home page

मौजूदा केन्द्र सरकार ने देशवासियों को आर्थिक संकट में डाला : अजय राय

 | 
मौजूदा केन्द्र सरकार ने देशवासियों को आर्थिक संकट में डाला : अजय राय


लखनऊ, 21 मई (हि.स.)। उत्तर प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष एवं पूर्व मंत्री अजय राय ने आरोप लगाया है कि केन्द्र सरकार ने देशवासियों को आर्थिक संकट में डाल दिया है। कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष गुरुवार को प्रदेश पार्टी कार्यालय में पत्रकार वार्ता कर प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी और गृहमंत्री अमित शाह सवाल खड़े किए।

अजय राय ने रायबरेली में राहुल गांधी द्वारा प्रधानमंत्री मोदी पर दिए गए आपत्तिजनक बयान का समर्थन किया और उसे सही बताया। उन्होंने कहा कि लोकसभा चुनाव 2014 के समय प्रधानमंत्री मोदी के लोगों ने मुझे खरीदने की कोशिश की। मेरा जमीर नहीं खरीद पाए तो केजरीवाल को वाराणसी में लाकर चुनाव लड़ाया।

देश आज आर्थिक संकट में पहुंच गया है। इसीलिए 10 साल सत्ता में रहने के बाद प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी देशवासियों को सीख दे रहे हैं। प्रधानमंत्री कहते हैं कि सोना मत खरीदो, पेट्रोल-डीजल मत खर्च करो, कहते हैं कि विदेश यात्रा मत करो लेकिन खुद विदेश जा रहे हैं।

अजय राय ने कहा कि भाजपा सरकार और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी देश को बेच रहे हैं। देश की संपत्तियों को बेच रहे हैं और कहा था कि देश नहीं बिकने दूंगा लेकिन आज देश की नवरत्न कंपनियों को अपने उद्योगपति मित्र को बेच रहे हैं।

अजय राय ने कहा कि 10 साल की सरकार में 89 पेपर लीक हो गए। अभी हाल में नीट का पेपर लीक हुआ। 23 लाख नौजवानों का भविष्य प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने अँधेरे में कर दिया है। अजय राय ने कहा कि, मेरी छोटी बेटी आस्था जिसने इस परिक्षा की तैयारी की और बताया कि परीक्षा बहुत अच्छा हुआ लेकिन फिर परीक्षा लीक हो गई। इस मौके पर पूर्व विधायक गयादीन अनुरागी, वाइस चेयरमैन मनीष हिंदवी, वरिष्ठ प्रवक्ता अंशू अवस्थी, प्रवक्ता प्रियंका गुप्ता और अनुसूइया शर्मा उपस्थित रही।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / मोहित वर्मा