गठबंधन समान विचारधारा और मुद्दों पर सहमति से होगा : चंद्रशेखर आजाद
जौनपुर, 03 सितंबर (हि.स.)। यूपी के जौनपुर में नगीना से सांसद और आजाद समाज पार्टी (कांशीराम) के राष्ट्रीय अध्यक्ष चंद्रशेखर आजाद गुरुवार को एक दिवसीय दौरे पर जौनपुर पहुंचे। मछलीशहर में सत्ता परिवर्तन यात्रा और बूथ सम्मेलन में शामिल होने से पहले हिंदुस्थान समाचार प्रतिनिधि से बातचीत में उन्होंने प्रदेश सरकार पर जमकर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि 2027 के विधानसभा चुनाव में भाजपा के भ्रष्टाचार का अंत होगा।
चंद्रशेखर आजाद ने कहा कि मछलीशहर विधानसभा का बूथ सम्मेलन कार्यकर्ताओं की चुनावी तैयारियों का पैमाना है। सम्मेलन में कार्यकर्ताओं को बूथ स्तर पर तैयारी और चुनाव जीतने की रणनीति बताई जाएगी। उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार संविधान और आरक्षण की रक्षा की बात करती है, लेकिन उसकी कथनी और करनी में अंतर है। प्रदेश में शिक्षा, चिकित्सा, स्वास्थ्य और रोजगार की स्थिति ठीक नहीं है। जनता सरकार की नाकामी देख रही है और आने वाले चुनाव में बदलाव करेगी।
उन्होंने बताया कि आजाद समाज पार्टी ने अब तक 45 विधानसभा क्षेत्रों में प्रभारी नियुक्त किए हैं। जल्द ही अन्य जिलों में भी प्रभारियों की घोषणा की जाएगी।विपक्षी दलों से गठबंधन के सवाल पर चंद्रशेखर आजाद ने कहा कि भाजपा को हराने के लिए उनकी पार्टी के रास्ते खुले हैं, लेकिन गठबंधन समान, विचारधारा और विभिन्न मुद्दों पर सहमति के साथ ही होगा। उचित हिस्सेदारी नहीं मिलने पर पार्टी अपने दम पर चुनाव लड़ेगी। उन्होंने कहा कि 2017 और 2022 में बने गठबंधन भाजपा को सत्ता से बाहर नहीं कर पाए, इसलिए पुराने फार्मूले पर दोबारा विचार जरूरी है।
बसपा और आजाद समाज पार्टी के अंतर पर उन्होंने कहा कि दोनों के बीच वैचारिक अंतर है। उन्होंने दावा किया कि उनकी पार्टी के कार्यकर्ता पूरे पांच साल जनता के बीच रहते हैं और लगातार जनहित के मुद्दे उठाते हैं। चंद्रशेखर आजाद ने कहा कि सत्ता में आने पर कक्षा एक से 12 तक मुफ्त शिक्षा, बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं और रोजगार के लिए नए औद्योगिक क्षेत्र विकसित किए जाएंगे। उन्होंने प्रदेश की कानून-व्यवस्था पर भी सवाल उठाते हुए कहा कि यदि व्यवस्था बेहतर है तो अवैध हथियार और आपराधिक घटनाएं लगातार क्यों सामने आ रही हैं।---------
हिन्दुस्थान समाचार / विश्व प्रकाश श्रीवास्तव

