home page

कृषि क्षेत्र में एआई और तकनीक से स्टार्टअप की संभावनाओं पर हुई चर्चा

 | 
कृषि क्षेत्र में एआई और तकनीक से स्टार्टअप की संभावनाओं पर हुई चर्चा


कानपुर, 05 नवंबर (हि.स.)। छत्रपति शाहू जी महाराज विश्वविद्यालय (सीएसजेएमयू) के स्कूल ऑफ एडवांस्ड एग्रीकल्चर साइंसेज एंड टेक्नोलॉजी एवं छत्रपति शाहू जी महाराज इनोवेशन फाउंडेशन के संयुक्त तत्वावधान में गुरुवार को एग्री-स्टार्टअप इंटरैक्टिव सेशन का आयोजन किया गया। स्टार्टअप सीरीज के अंतर्गत आयोजित इस कार्यक्रम का उद्देश्य कृषि क्षेत्र को नवाचार, आधुनिक तकनीक और उद्यमिता से जोड़ना तथा विद्यार्थियों को एग्रीटेक स्टार्टअप के अवसरों से परिचित कराना था।

कार्यक्रम में मुख्य वक्ता अर्न्स्ट एंड यंग के वरिष्ठ सलाहकार जतिन मिश्रा ने आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (एआई), जनरेटिव एआई, टेक्नोलॉजी कंसल्टिंग और तकनीकी नवाचार के क्षेत्र में अपने 11 वर्षों के अनुभव साझा किए। उन्होंने बताया कि किस प्रकार एआई और आधुनिक तकनीक के माध्यम से कृषि क्षेत्र की चुनौतियों का समाधान किया जा सकता है। उन्होंने कृषि उत्पादन, प्रबंधन और कृषि आधारित सेवाओं में तकनीक के उपयोग की संभावनाओं पर भी प्रकाश डाला।

इस अवसर पर प्रभाकर ने सीएसजेएम इनोवेशन फाउंडेशन की गतिविधियों और उद्देश्यों की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि फाउंडेशन विद्यार्थियों के नवाचारी विचारों को प्रोत्साहित करने, मेंटरशिप उपलब्ध कराने, स्टार्टअप इन्क्यूबेशन तथा उद्यमिता विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहा है।

कार्यक्रम का आयोजन कुलपति प्रो. विनय कुमार पाठक के संरक्षण में किया गया। आयोजन में डॉ. श्रेया सिंह, डॉ. जितेंद्र ओझा, डॉ. हिमांशु त्रिवेदी, डॉ. राकेश कुमार मिश्रा, डॉ. दिव्यांश शुक्ला एवं प्रो. विशाल अवस्थी का विशेष योगदान रहा।

सत्र में विद्यार्थियों को कृषि क्षेत्र की समस्याओं की पहचान कर तकनीक आधारित समाधान विकसित करने और स्वरोजगार के साथ नवाचार की दिशा में आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया गया।

हिन्दुस्थान समाचार / रोहित कश्यप