एआई जैसी तकनीकों के साथ कदम मिलाकर चलना समय की आवश्यकता : डॉ. सीमा सोनकर
कानपुर, 27 अप्रैल (हि.स.)। आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस आज के समय की सबसे महत्वपूर्ण तकनीकों में से एक है और विद्यार्थियों को इसके प्रति जागरूक रहना बेहद जरूरी है। ऐसे आयोजनों से न केवल ज्ञान बढ़ता है, बल्कि भविष्य की नई संभावनाओं के लिए भी रास्ते खुलते हैं। यह बातें सोमवार को सामुदायिक विज्ञान महाविद्यालय की अधिष्ठाता डॉ. सीमा सोनकर ने कही।
चन्द्रशेखर आजाद कृषि एवं प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय (सीएसए) के सामुदायिक विज्ञान महाविद्यालय स्थित परिधान एवं वस्त्र विज्ञान विभाग की ओर से सोमवार को “आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (एआई) पर क्विज प्रतियोगिता” का आयोजन किया गया। डाईंग एवं प्रिंटिंग प्रयोगशाला में आयोजित इस कार्यक्रम में यूजी और पीजी के विद्यार्थियों ने उत्साह के साथ भाग लिया। कार्यक्रम का संचालन टीचिंग एसोसिएट डॉ. अंकिता यादव ने किया, जबकि आयोजन विभाग की प्रभारी डॉ. अर्चना सिंह, प्राध्यापक डॉ. एकता शर्मा और सह-प्राध्यापक डॉ. ऋतु पांडेय के निर्देशन में संपन्न हुआ।
प्रतियोगिता का उद्देश्य विद्यार्थियों में आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस के प्रति रुचि और समझ को विकसित करना रहा। इसमें विभिन्न चरणों के माध्यम से प्रतिभागियों की जानकारी और त्वरित सोच का आकलन किया गया। कार्यक्रम के दौरान अधिष्ठाता डॉ. सीमा सोनकर ने विद्यार्थियों का उत्साहवर्धन करते हुए कहा कि आधुनिक तकनीकों के साथ कदम मिलाकर चलना समय की आवश्यकता है और ऐसे प्रयास विद्यार्थियों को नई दिशा देते हैं। प्रतियोगिता में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले प्रतिभागियों को प्रथम, द्वितीय और तृतीय स्थान के लिए प्रमाण-पत्र प्रदान किए जाएंगे, जबकि सभी प्रतिभागियों को ई-प्रमाण पत्र दिया जाएगा। कार्यक्रम के अंत में विद्यार्थियों ने इसे ज्ञानवर्धक और प्रेरणादायक बताते हुए इस तरह के आयोजनों को भविष्य में भी जारी रखने की बात कही।
हिन्दुस्थान समाचार / मो0 महमूद

