home page

पूर्वांचल विश्वविद्यालय में ‘एआई मेड ईज़ी’ कार्यशाला संपन्न, छात्रों को मिला एआई और डेटा साइंस का व्यावहारिक ज्ञान

 | 
पूर्वांचल विश्वविद्यालय में ‘एआई मेड ईज़ी’ कार्यशाला संपन्न, छात्रों को मिला एआई और डेटा साइंस का व्यावहारिक ज्ञान


जौनपुर, 21 अप्रैल (हि.स.)। जौनपुर स्थित वीर बहादुर सिंह पूर्वांचल विश्वविद्यालय में आईईईई छात्र शाखा द्वारा मंगलवार को आयोजित ‘एआई मेड ईज़ी’ कार्यशाला श्रृंखला के तहत कृत्रिम बुद्धिमत्ता (एआई) और डेटा साइंस पर द्वितीय सत्र का सफल आयोजन किया गया। इस कार्यशाला का उद्देश्य छात्रों को आधुनिक तकनीकों से जोड़ते हुए उन्हें व्यावहारिक ज्ञान प्रदान करना रहा।

कार्यक्रम विश्वविद्यालय की कुलपति की प्रेरणा और राजभवन के निर्देशों के अनुरूप चलाए जा रहे एआई जागरूकता अभियान के अंतर्गत आयोजित किया गया। सत्र में विषय विशेषज्ञ के रूप में अलायंग्ड ऑटोमेशन, पुणे में कार्यरत डेटा साइंटिस्ट पी. राहुल राव ने छात्रों को एआई और डेटा साइंस के विभिन्न आयामों से परिचित कराया।

उन्होंने एआई के औद्योगिक उपयोग, तेजी से बढ़ते रोजगार अवसरों और इस क्षेत्र में करियर बनाने के लिए आवश्यक कौशलों पर विस्तार से चर्चा की। साथ ही छात्रों को बदलती तकनीकी दुनिया के अनुरूप खुद को तैयार करने के लिए प्रेरित किया।

कार्यशाला का संचालन इंजीनियरिंग संकायाध्यक्ष प्रो. सौरभ पाल और संगणक विज्ञान विभागाध्यक्ष डॉ. विक्रांत भटेजा के मार्गदर्शन में किया जा रहा है। आईईईई छात्र शाखा के परामर्शदाता डॉ. दिव्येंदु मिश्र ने बताया कि इस पहल का उद्देश्य छात्रों को इंडस्ट्री के लिए तैयार करना है।

कार्यक्रम के संकाय समन्वयक डॉ. दिलीप यादव ने प्रतिभागियों का स्वागत करते हुए एआई और डेटा साइंस के महत्व को रेखांकित किया। इस अवसर पर बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे। कार्यक्रम का संचालन इप्सिता ने किया, जबकि धन्यवाद ज्ञापन उपाध्यक्ष अदिति श्रीवास्तव ने किया।

हिन्दुस्थान समाचार / विश्व प्रकाश श्रीवास्तव