home page

कृषि मंत्री सूर्य प्रताप शाही ने किया अटल बिहारी वाजपेई सभागार का लोकार्पण

 | 
कृषि मंत्री सूर्य प्रताप शाही ने किया अटल बिहारी वाजपेई सभागार का लोकार्पण


देवरिया, 11 जुलाई (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के कृषि, कृषि शिक्षा एवं कृषि अनुसंधान मंत्री सूर्य प्रताप शाही ने शनिवार को पथरदेवा ब्लॉक परिसर में नवनिर्मित भारत रत्न स्वर्गीय अटल बिहारी वाजपेई सभागार का लोकार्पण किया। इस दौरान उन्होंने फीता काटकर और शिलापट्ट का अनावरण कर सभागार के साथ नव निर्मित आवासीय भवन का भी उद्घाटन किया।

ब्लॉक परिसर में आयोजित समारोह में कृषि मंत्री ने कहा कि पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेई के आदर्श, सुशासन और राष्ट्र निर्माण की सोच आज भी देशवासियों के लिए प्रेरणास्रोत है। उन्होंने कहा कि उनके नाम पर निर्मित यह सभागार क्षेत्र के विकास और जनहित से जुड़े कार्यक्रमों के लिए महत्वपूर्ण केंद्र के रूप में कार्य करेगा।

उन्होंने बताया कि इस परियोजना के तहत आवासीय भवन का निर्माण 127.22 लाख रुपये तथा सभागार कक्ष का निर्माण 298.50 लाख रुपये की लागत से कराया गया है। उन्होंने कहा कि इस आधुनिक सभागार का उपयोग प्रशासनिक बैठकों, विकास योजनाओं की समीक्षा, सामाजिक एवं सांस्कृतिक कार्यक्रमों तथा जनकल्याण से जुड़े आयोजनों के लिए किया जाएगा।

कृषि मंत्री ने कहा कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में प्रदेश सरकार गांवों के सर्वांगीण विकास, मजबूत आधारभूत सुविधाओं और जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने के लिए लगातार कार्य कर रही है। उन्होंने कहा कि विकास कार्यों की गति आगे भी इसी प्रकार जारी रहेगी और क्षेत्र के विकास में किसी प्रकार की कमी नहीं आने दी जाएगी।

लोकार्पण कार्यक्रम के दौरान कृषि मंत्री ने पर्यावरण संरक्षण का संदेश देते हुए पौधरोपण भी किया और लोगों से अधिक से अधिक पौधे लगाने तथा उनके संरक्षण का संकल्प लेने की अपील की।

कार्यक्रम की अध्यक्षता भाजपा मंडल अध्यक्ष हरीश शाही ने की, जबकि संचालन पूर्व मंडल अध्यक्ष संजय सिंह ने किया। इस अवसर पर ब्लॉक प्रमुख सुब्रत शाही, मुख्य विकास अधिकारी राजेश कुमार, नगर पंचायत पथरदेवा अध्यक्ष क्रांति सिंह, जिला पंचायत सदस्य सुजीत प्रताप सिंह, संजीत धर द्विवेदी, तरकुलवा ब्लॉक प्रमुख रामशीष गुप्ता, भीम यादव, रंजन श्रीवास्तव, विवेक राय सहित जनप्रतिनिधि, अधिकारी, भाजपा पदाधिकारी एवं बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिक उपस्थित रहे।

हिन्दुस्थान समाचार / ज्योति पाठक