अखिलेश यादव का आगरा में विजन इंडिया कार्यक्रम, युवाओं और उद्यमियों को करीब लाने की होगी कोशिश
आगरा , 14 जून (हि.स.)। समाजवादी पार्टी (सपा) के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव रविवार को आगरा के दौरे पर हैं। यहां सपा अध्यक्ष आज अपने सबसे महत्वपूर्ण
'विजन इंडिया' कार्यक्रम की कड़ी में आगरा के युवा उद्यमियों और कारोबारियों से जुड़ेंगे।
सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव के द्वारा बीते वर्ष बेंगलुरु में शुरू किए गए अपने 'विजन इंडिया' चैप्टर कार्यक्रम की कड़ी में रविवार को आगरा के होटल मुगल शेरेटन में युवा कारोबारियों, एंटरप्रेन्योर्स को संबोधित करेंगे। इससे पहले अखिलेश यादव बेंगलुरु में शुरू हुए विजन इंडिया कार्यक्रम के बाद हैदराबाद, भुवनेश्वर, मुंबई, जयपुर व गाजियाबाद में यह कार्यक्रम कर चुके हैं। पार्टी की ओर से मिली जानकारी के मुताबिक, 2027 में उत्तर प्रदेश में होने वाले विधानसभा चुनाव को देखते हुए समाजवादी पार्टी ने विजन इंडिया के जरिए अपने राजनीतिक उद्देश्यों पर धार देना शुरू कर दिया है। उप्र में विधानसभा चुनाव से पहले विजन इंडिया के कार्यक्रम कानपुर, प्रयागराज, वाराणसी, नोएडा और झांसी में भी किए जाएंगे ताकि युवाओ को अधिक से अधिक पार्टी से जोड़ा जा सके।
उल्लेखनीय है कि अखिलेश यादव आगरा के दो दिवसीय दौरे पर एक दिन पूर्व शनिवार को ही आगरा के दौरे पर आ गए थे, जहां उन्होंने अपने व्यक्तिगत कार्यक्रमों के अंतर्गत पार्टी सांसद (राज्यसभा सदस्य) रामजीलाल सुमन, पूर्व सभा प्रत्याशी विनय अग्रवाल, होम्योपैथिक वरिष्ठ चिकित्सक आलोक पारीक, युवा सपा नेता एवं जूता व्यवसायी रिजवानुद्दीन कुरैशी से मुलाकात की।
पार्टी के जिलाध्यक्ष ऊदल सिंह कुशवाहा ने बताया कि अखिलेश यादव अपने विजन इंडिया कार्यक्रम के अंतर्गत आगरा में पर्यटन, होटल एवं हैंडीक्राफ्ट कारोबारियों से मुलाकात कर उनकी परेशानियां जानेंगे युवा उद्यमियों, कारोबारियों के साथ-साथ निजी अस्पताल एवं कॉलेज संचालकों, सूक्ष्म एवं मध्यम उद्योग इकाइयों के संचालकों तथा कुछ किसान नेताओं से भी मुलाकात करेंगे। अपने कार्यक्रम में एक प्रगतिशील एजेंडा भी पार्टी अध्यक्ष पेश करेंगे।
प्रदेश सचिव राहुल चतुर्वेदी का कहना है कि पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव के नेतृत्व में चलाये जा रहे हैं विजन इंडिया कार्यक्रमों के माध्यम से नवाचार, सहयोग और प्रगति को बढ़ावा मिलेगा। राष्ट्रीय अध्यक्ष का पीडीए (पिछड़ा, दलित, अल्पसंख्यक) फार्मूला विजन इंडिया के लिए प्लानिंग, डेवलपमेंट और एसेंट के रूप में काम कर रहा है।
राजनीति के जानकार लोगों का कहना है कि अखिलेश यादव द्वारा शुरू किए गए पिछड़े, दलित और अल्पसंख्यक फार्मूला (पीडीए)के बाद अब वे समाज के उद्यमियों, व्यापारियों, बेरोजगारों, युवाओं तथा ऐसे उद्यमियों को सपा के प्लेटफार्म पर लाने का प्रयास कर रहे हैं, जो भाजपा सरकारों की नीतियों से स्वयं को प्रभावित मान रहे हैं। इसके लिए वे विजन इंडिया कार्यक्रम के जरिए अपनी बात रख रहे हैं।
यहां यह भी उल्लेखनीय है कि अखिलेश यादव के विजन इंडिया कार्यक्रम के दौरान आगरा में आज से यूपी फूड एक्सपो के तीन दिवसीय कार्यक्रम प्रारंभ हो रहे हैं। चेंबर ऑफ फूड प्रोसेसिंग इंडस्ट्री एसोसिएशन की देखरेख में 14 से 16 फरवरी तक यूपी फूड एक्सपो एन्ड कांक्लेव 2026 के कार्यक्रम चलेंगे, जिसमें विभिन्न खाद्य इकाइयों करीब 12000 लोग सम्मिलित होंगे।
राजनीतिक विशेषज्ञों का मानना है कि समाजवादी पार्टी के इस कार्यक्रम का प्रचार और प्रसार इस दौरान अधिक से अधिक होने की संभावना को लेकर ही यह कार्यक्रम रविवार को तय किया गया है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / विवेक उपाध्याय

