एत्मादपुर जैन मंदिर में 1.10 करोड़ की लागत से बनेगा सांस्कृतिक हॉल : जयवीर सिंह
जैन मंदिर संस्कृतिक हॉल का किया शिलान्यास
जनप्रतिनिधि एवं पार्टी पदाधिकारी के साथ की समीक्षा बैठक
जिले के पुलिस एवं प्रशासनिक अधिकारियों के साथ कानून व्यवस्था की स्थिति की समीक्षा और दिए आवश्यक निर्देश
आगरा , 30 मार्च (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के कैबिनेट मंत्री पर्यटन एवं संस्कृति विभाग एवं प्रभारी मंत्री आगरा जयवीर सिह साेमवार काे दोपहर करीब 12:00 बजे एत्मादपुर पहुंचे और एत्मादपुर जैन मंदिर में 1.10 करोड़ की लागत से बनने वाले सांस्कृतिक हॉल के लिए भूमि पूजन और शिलान्यास किया।
शिलान्यास कार्यक्रम संयोजक किशोर कुमार जैन ने बताया कि एत्मादपुर में गोपी नगर स्थित श्री आदिनाथ, भरत, बाहुबली दिगंबर जैन त्रिमूर्ति मंदिर परिसर में एक भव्य सांस्कृतिक कक्ष का निर्माण किया जाएगा। इसके लिए प्रदेश सरकार ने 1.10 करोड़ रुपये की धनराशि स्वीकृत की है। पर्यटन विभाग के प्रस्ताव पर यह राशि अवमुक्त की गई है, जिसका उद्देश्य धार्मिक स्थलों को पर्यटन केंद्रों के रूप में विकसित करना है। पर्यटन मंत्री जी ने आज इस कार्यक्रम का शिलान्यास किया है।
शिलान्यास कार्यक्रम के बाद मंत्री सीधे सर्किट हाउस सभागार आगरा पहुंचे और वहां पर आयोजित जनपद के जन प्रतिनिधियों एवं पार्टी पदाधिकारी की एक अहम बैठक को संबोधित करते हुए संगठनात्मक गतिविधियों पर चर्चा की एवं सरकार द्वारा चलाई जा रहे विकास कार्यों में जनप्रतिनिधियों एवं पार्टी पदाधिकारियों की भूमिका पर फीडबैक लिया।
जाट महासभा के जिला अध्यक्ष कप्तान सिंह चाहर ने भाजपा जिलाध्यक्ष प्रशांत पौनियां के साथ सर्किट हाउस में आगरा के प्रभारी मंत्री जयवीर सिंह से मुलाकात कर महाराजा सूरजमल और महाराजा जवाहर सिंह की अश्वारोही प्रतिमा आगरा किले के सामने स्थापित करने संबंधी अनुरोध पत्र दिया।
भाजपा विधायक एत्मादपुर धर्मपाल सिंह ने बताया कि प्रभारी मंत्री जयवीर सिंह की समीक्षा बैठक में भाग लेकर आलू किसानों की समस्याओं को प्रभारी मंत्री के संज्ञान में लाया गया। मंत्री द्वारा सभी समस्याओं को ध्यानपूर्वक सुनकर उनके जल्द समाधान का आश्वासन दिया हैl
पार्टी की बैठक के बाद पर्यटन मंत्री ने आगरा में चल रहे विकास कार्यों एवं कानून व्यवस्था की समीक्षा की। इस दौरान जिलाधिकारी , सहित वरिष्ठ पुलिस एवं प्रशासनिक अधिकारी मौजूद रहे। समीक्षा बैठक के उपरांत सांयकाल सर्किट हाउस सभागार में उ०प्र० सरकार के 09 वर्ष उपलब्धियों पर आधारित 'नव निर्माण के 09 वर्ष' नामक पुस्तक का विमोचन एवं प्रेस वार्ता किये जाने के उपरांत सांय करीब 5.15 बजे सड़क मार्ग द्वारा लखनऊ के लिए प्रस्थान कर गए।
कार्यक्रम में प्रमुख रूप से राज्यसभा सांसद नवीन जैन, भाजपा विधायक धर्मपाल सिंह, रानी पक्षालिका सिंह, पुरुषोत्तम खंडेलवाल, जिला पंचायत अध्यक्ष मंजू भदोरिया आदि मौजूद रहे।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / Vivek Upadhyay

