home page

वीर शिरोमणि महाराणा प्रताप की जयंती पर आगरा में निकलेंगी कई शोभायात्राएं

 | 
वीर शिरोमणि महाराणा प्रताप की जयंती पर आगरा में निकलेंगी कई शोभायात्राएं


आगरा , 08 मई (हि.स.)। शौर्य, त्याग, राष्ट्रभक्ति और स्वाभिमान के अप्रतिम प्रतीक वीर शिरोमणि महाराणा प्रताप की जयंती के अवसर पर शनिवार को आगरा में कई जगह शोभा यात्राएं निकालकर, उनकी प्रतिमाओं पर माल्यार्पण कर उनकी वीरता की शौर्य गाथाओं को याद किया जाएगा।

शनिवार को आगरा में थाना क्षेत्र सदर बाजार अन्तर्गत युवराज सिंह परिहार अध्यक्ष की देखरेख में महाराणा प्रताप जयन्ती शोभायात्रा चौधरी गार्डन थाना क्षेत्र सदर बाजार से प्रारम्भ होकर शमसाबाद रोड़ होते हुये, कहरई मोड़ होते हुए जी0एल0 गार्डन थाना क्षेत्र एकता आगरा पहुंचकर समापन होना प्रस्तावित है। इस शोभायात्रा में 21 झाँकियों, बैंड-बाजों, घोड़ों और ऊंटों के साथ बड़ी संख्या में क्षत्रिय समाज की भागीदारी रहेगी। इसके अतिरिक्त आगरा में कई अन्य स्थानों से शोभायात्राएं निकाली जायँगी। आयोजन समिति ने शुक्रवार सांय संजय प्लेस स्थित एक रेस्टोरेंट में आमंत्रण पत्र जारी कर शहरवासियों को शोभायात्रा में शामिल होने का निमंत्रण दिया गया ।

आयोजन समिति के अध्यक्ष युवराज सिंह परिहार ने बताया कि महाराणा प्रताप का शौर्य , संघर्ष और बलिदान नई और आने वाली पीढ़ियों को राष्ट्रभक्ति और स्वाभिमान की गाथा बताता रहेगा । उन्होंने आगरा वासियों से आह्वान किया कि अपने सनातनी गौरव और सामाजिक सद्भाव को मजबूत करने के लिए अधिक से अधिक संख्या में शोभायात्रा में शामिल हों।

युवराज सिंह ने बताया कि शोभायात्रा में पूर्व कैबिनेट मंत्री राजा अरिदमन सिंह, पूर्व विधायक डॉ. राजेंद्र सिंह, अवागढ़ के युवराज अंबरीश पाल सिंह, विधायक डॉ. धर्मपाल सिंह, पूर्व विधायक एवं भाजपा प्रदेश महामंत्री राम प्रताप चौहान, विधायक रानी पक्षालिका सिंह, महिला आयोग अध्यक्ष बबीता चौहान, जिला पंचायत अध्यक्ष डॉ. मंजू भदौरिया, फुफुक्टा अध्यक्ष डॉ. वीरेंद्र सिंह चौहान, पीली कोठी के कुंवर दिनेश प्रताप सिंह, पूर्व विधायक ठाकुर विजयपाल सिंह, पूर्व भाजपा जिलाध्यक्ष श्याम भदौरिया और कोऑपरेटिव बैंक अध्यक्ष प्रदीप भाटी सहित अनेक अतिथि के रूप में शामिल होंगी।

शोभा यात्राओं के कार्यक्रम के अलावा मुख्य रूप से यमुना किनारे बेलनगंज स्थित महाराणा प्रताप चौक पर महाराणा प्रताप की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर हवन कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। संजय पैलेस स्थित शहीद स्मारक,ठाकुर शिव मंदिर टीला बालूगंज, ताजगंज आदि स्थानों से प्रारंभ होकर शोभायात्राएं महाराणा प्रताप की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर संपन्न होगी।

आगरा के देहात क्षेत्र में भी वीर शिरोमणि की जयंती पर भव्य रूप से शोभायात्राएं निकालकर कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। अर्नोटा चौराहा बसई अरेला, बरहन में आहरन चैराहा, खंदौली, फतेहाबाद, अछनेरा, सैया, खेरागढ़,बरार चौराहा, मलपुरा में भी शोभा यात्राएं निकालकर महाराणा प्रताप को याद किया जाएगा।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / Vivek Upadhyay